135वें डूरंड कप में जमशेदपुर एफसी का धमाका, एयरफोर्स को 6-0 से रौंदा

Jamshedpur FC thrashed Air Force: 135वें डूरंड कप में जमशेदपुर एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडियन एयरफोर्स को 6-0 से करारी शिकस्त दी।

रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले गए ग्रुप सी के आखिरी मुकाबले में जमशेदपुर ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा।

इस जीत के साथ टीम क्वार्टर फाइनल की रेस में बनी हुई है।

जमशेदपुर एफसी के लिए 17 वर्षीय लॉमसंगजुआला मैच के सबसे बड़े सितारे रहे।

उन्होंने मैदान पर उतरने के बाद महज 25 मिनट के भीतर तीन गोल दागकर शानदार हैट्रिक पूरी की।

पहले हाफ में रेनियर ने खोला खाता

मुकाबले की शुरुआत से ही जमशेदपुर एफसी ने आक्रामक रुख अपनाया।

मैच के चौथे ही मिनट में अमन के शानदार पास पर रेनियर फर्नांडिस ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।

पहले हाफ में इंडियन एयरफोर्स ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जमशेदपुर की मजबूत रक्षा पंक्ति को भेद नहीं सकी।

पहले 45 मिनट के बाद जमशेदपुर एफसी 1-0 से आगे रही।

दूसरे हाफ में लॉमसंगजुआला का तूफान

दूसरे हाफ में लॉमसंगजुआला के मैदान पर उतरते ही मैच का रुख पूरी तरह बदल गया।

55वें मिनट में अमन के बेहतरीन क्रॉस पर लॉमसंगजुआला ने गोल कर जमशेदपुर की बढ़त 2-0 कर दी।

इसके बाद 64वें मिनट में अमन के पास पर उन्होंने अपना दूसरा गोल दाग दिया।

जमशेदपुर अब 3-0 से आगे थी और इंडियन एयरफोर्स पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था।

71वें मिनट में रेनियर फर्नांडिस के पास पर अमन सीके ने खुद गोल कर स्कोर 4-0 कर दिया।

लॉमसंगजुआला यहीं नहीं रुके, 80वें मिनट में अमन के एक और शानदार क्रॉस पर उन्होंने गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी कर ली।

महज 25 मिनट के अंतराल में तीन गोल कर 17 वर्षीय खिलाड़ी ने मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।

84वें मिनट में लॉमसंगजुआला के पास पर रयान सी ने जमशेदपुर के लिए छठा गोल दाग दिया।

इसके साथ ही जमशेदपुर एफसी ने मुकाबला 6-0 से अपने नाम कर लिया।

क्वार्टर फाइनल की उम्मीद कायम

इस शानदार जीत के बाद जमशेदपुर एफसी की क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार हैं।

हालांकि, टीम की किस्मत अब ग्रुप डी के आखिरी मुकाबले के नतीजे पर निर्भर है।

शिलांग लाजोंग और लांग्सनिंग एफसी के बीच होने वाले मुकाबले का परिणाम यह तय करने में अहम होगा कि जमशेदपुर एफसी अगले दौर में जगह बना पाती है या नहीं।