परीक्षा रद्द होने का झारखंड कांग्रेस ने किया स्वागत, सीएम हेमंत सोरेन के साथ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को दिया धन्यवाद

Congress on Exam cancellation: झारखंड के छात्र-छात्राओं और युवाओं के लंबे संघर्ष का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।

सीएम हेमंत सोरेन ने वर्ष 2014 के बाद JSSC-CGL और TDPL की तरफ से ली गयी परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की।

इसके बाद झारखंड कांग्रेस ने इस फैसले का स्वागत करते हुए खुशी जाहिर की है।

प्रदेश महासचिव बिनय सिन्हा दीपू ने कहा कि “हम धन्यवाद देते हैं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी को जिन्होनें झारखंड के आंदोलन कर रहे छात्रों की मांग को जायज मानते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर छात्रों की मांगों को जायज ठहराया।

जिसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने JSSC-CGL परीक्षा तथा वर्ष 2014 से TDPL (TSR Data Processing) एजेंसी द्वारा आयोजित तमाम परीक्षाओं और उनके परिणामों को पूर्णतः रद्द करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

हम इस निर्णय का पुरजोर स्वागत करते हैं।

टीडीपीएल (TDPL) की कार्यप्रणाली और परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से आहत हमारे युवाओं का धैर्य और संघर्ष रंग लाया है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि 2014 के बाद से इस एजेंसी द्वारा ली गई सभी परीक्षाओं की सीआईडी (CID) जांच कराई जाएगी तथा दोषियों पर सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।

यह कदम साबित करता है कि हमारी महागठबंधन सरकार छात्रों की आवाज सुनने और पारदर्शी व्यवस्था कायम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

जो विपक्षी दल इस संवेदनशील मुद्दे पर केवल राजनीतिक रोटियां सेकने में लगे थे, उन्हें राज्य के जागरूक युवाओं ने करारा जवाब दे दिया है।

कांग्रेस पार्टी और सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली ताकतों को कभी कामयाब नहीं होने देगी और पूरी पारदर्शिता के साथ नई एवं सुरक्षित परीक्षा प्रक्रिया सुनिश्चित करेगी”।