राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड का दबदबा, ओडिशा को 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची टीम

National Junior Women’s Hockey: महाराष्ट्र में चल रही 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड की महिला टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है।

झारखंड में ओडिशा को 4–3 से हराकर लगातार 14वीं बार सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

क्वार्टर फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा।

मैच के दूसरे क्वार्टर के दौरान 24वें मिनट में ओडिशा की टीम ने शानदार फील्ड गोल कर 1–0 की बढ़त बना ली।

मध्यांतर तक ओडिशा की टीम इसी बढ़त के साथ आगे रही।

मध्यांतर के बाद झारखंड की खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।

33वें मिनट में कप्तान रजनी केरकेट्टा ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर झारखंड को 1–1 की बराबरी दिला दी।

इसके बाद दोनों टीमों ने जीत के लिए जोरदार संघर्ष किया, लेकिन निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं हो सका।

परिणाम के लिए पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें हॉकी झारखंड ने 4–3 से शानदार जीत दर्ज की।

पेनाल्टी शूटआउट में झारखंड के लिए सलोमी नाग,अनुप्रिया सोरेंग,स्वीटी डुंगडुंग और  रजनी केरकेट्टा ने गोल दागा।

पेनाल्टी शूटआउट में झारखंड की गोलकीपर गंगी बरला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओडिशा के दो प्रयासों को रोककर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए झारखंड की संगीता कुमारी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।