आर्मी पब्लिक स्कूल रांची में वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आगाज, 5 टीमें ले रही हैं हिस्सा

Army Public School: आर्मी पब्लिक स्कूल रांची में ईस्टर्न कमांड इंटर-एपीएस कमांड लेवल वॉलीबॉल (बालिका) टूर्नामेंट का आगाज हुआ।

दो दिवसीय प्रतियोगिता में ईस्टर्न कमांड के विभिन्न क्लस्टरों से कुल 5 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल बेंगदुबी, आर्मी पब्लिक स्कूल नारंगी, आर्मी पब्लिक स्कूल टेंगा वैली, आर्मी पब्लिक स्कूल कलिंपोंग तथा आर्मी पब्लिक स्कूल रांची की बालिका टीमें हिस्सा ले रही हैं।

टूर्नामेंट में कुल 50 खिलाड़ी एवं 8 एस्कॉर्ट शिक्षक प्रतिभागी शिरकत कर रहे हैं।

पहले दिन सभी टीमों की खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

टूर्नामेंट के प्रथम दिन मुख्य अतिथि संगीता मान, चेयरपर्सन (FWO Cockerel Division) उपस्थित रहीं।

मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रथम दिन के रोमांचक मुकाबले

प्रतियोगिता के प्रथम दिन खिलाड़ियों के बीच रोमांचक एवं कांटे के मुकाबले देखने को मिले।

पहले मैच में आर्मी पब्लिक स्कूल बेंगदुबी ने आर्मी पब्लिक स्कूल टेंगा वैली को 2-1 से पराजित किया।

मुकाबले का स्कोर 25-16, 20-25 एवं 15-09 रहा।

दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।

इसके बाद पहले सेमीफाइनल में आर्मी पब्लिक स्कूल नारंगी ने आर्मी पब्लिक स्कूल कलिंपोंग को सीधे सेटों में हराया।

इस मुकाबले में स्कोर 25-12 एवं 25-16 रहा।

नारंगी की टीम ने पूरे मुकाबले में बेहतरीन तालमेल और प्रभावी खेल का प्रदर्शन किया।

वहीं दूसरे सेमीफाइनल में आर्मी पब्लिक स्कूल रांची और आर्मी पब्लिक स्कूल बेंगदुबी के बीच मुकाबला हुआ।

इस मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल रांची ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्मी पब्लिक स्कूल बेंगदुबी को 2-0 से पराजित किया।

पहले सेट में रांची ने 25-11 तथा दूसरे सेट में 25-10 से जीत दर्ज की।

इस शानदार जीत के साथ आर्मी पब्लिक स्कूल रांची ने फाइनल में प्रवेश किया।

इस प्रकार प्रथम दिन के मुकाबलों के बाद आर्मी पब्लिक स्कूल नारंगी और आर्मी पब्लिक स्कूल रांची ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई।

दोनों टीमों के बीच होने वाला फाइनल मुकाबला 21 अगस्त को खेला जाएगा।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे जोश, उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ अपने-अपने विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।

मैदान पर खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, आपसी समन्वय और टीम भावना ने प्रतियोगिता को बेहद रोमांचक बना दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अभय कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों एवं एस्कॉर्ट शिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देता है।

उन्होंने सभी खिलाड़ियों के अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की तथा फाइनल मुकाबले के लिए दोनों टीमों को शुभकामनाएं दीं।