भारतीय क्रिकेट टीम ने किया वो कारनामा जो आज तक कोई नहीं कर सका

Indian cricket achieved milestone: कमाल, धमाल, बेमिसाल टीम इंडिया। आज दुनिया के हर कोने में भारत का डंका बज रहा है। भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) जिस फॉर्म में चल रही है, कोई भी देश भारत के सामने खेलने से बचना चाह रहा है। रविवार को टी-20 विश्व कप जीतते ही भारत ने इतिहास रच दिया। भारत ने वो किया जो आज तक कोई नहीं कर सका है। भारत ने कुल 6 बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया है। तीन बार टी-20 विश्व कप का खिताब जीता है। दो बार लगातार टी-20 विश्व कप का खिताब जीता। अपने घर में टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गयी है भारत।

भारत का पहला विश्व कप खिताब

वर्ष 1983 में ऑलराउंडर कपिल देव (Kapil Dev) की कप्तानी में भारत ने पहला विश्व कप जीता। 25 जून 1983 को क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स के मैदान पर लगातार दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज को हराकर यह खिताब जीता। 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 140 रनों पर ऑल आउट हो गयी थी। मोहिंदर अमरनाथ फाइनल मैच के हीरो रहे।

भारत का दूसरा विश्व कप खिताब

ICC ने पहली बार टी-20 विश्व कप का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में किया। महेन्द्र सिंह धौनी (Mahendra Singh Dhoni) की कप्तानी में उतरी टीम इंडिया ने पहले ही विश्व कप को अपने नाम कर लिया। फाइनल में पाकिस्तान की टीम को 5 रनों से शिकस्त देकर भारत ने यह खिताब जीता। भारत के 157 रनों के जवाब में पाकिस्तानी टीम 152 रनों पर ही सिमट गयी थी। गौतम गंभीर ने शानदार 75 रन बनाये थे। उसके बाद आरपी सिंह और इरफान पठान की गेंदबाजी के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिये थे।

भारत का तीसरा विश्व कप खिताब

महेन्द्र सिंह धौनी (Mahendra Singh Dhoni) की कप्तानी में भारत ने 28 साल बाद सूखा खत्म करते हुए ODI विश्व कप 2011 का खिताब जीता। मुंबई में खेले गये फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 274 रन बनाये। 275 रनों की पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 48.2 ओवर में ही मैच और खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में गौतम गंभीर ने सबसे ज़्यादा 97 रन बनाये। उनके अलावा धौनी ने महज़ 79 गेंदों पर 91 रन बनाकर जीत सुनिश्चित की। धौनी को फाइनल मुकाबले के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया जबकि युवराज सिंह मैन ऑफ द टूर्नामेंट बने..

भारत का चौथा विश्व कप खिताब

रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2024 टी-20 विश्व कप अपने नाम किया। बारबाडोस में खेले गये खिताबी मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 7 रनों से हराकर यह खिताब जीता। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 176 रन बनाये। जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम निर्धारित ओवर में 169 रन ही बना सकी। रोहित शर्मा पूरे प्रतियोगिता में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

भारत का पांचवा विश्व कप खिताब

महिला भारतीय क्रिकेट टीम ने विश्व कप 2025 का टाइटल जीता। हरमनप्रीत कौर (Harmanprit Kaur) की कप्तानी में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीकी टीम को 52 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल में 87 रनों की आक्रामक पारी और 2 विकेट लेने वाली ऑलराउंडर शेफाली वर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। शेफाली को प्लेइंग 11 में इंट्री सेमीफाइनल में तब मिली थी जब एक खिलाड़ी प्रतिका रावल घायल हो गयी थीं। दीप्ति शर्मा को 22 विकेट और 215 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट दिया गया।

भारत का छठा विश्व कप खिताब

सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की कप्तानी में भारत ने अपना छठा विश्व कप खिताब जीता। अहमदाबाद में खेले गये टी-20 विश्व कप के फाइनल में न्यूज़ीलैंड को 96 रनों से हराया। फाइनल मुकाबले में संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा की घातक बल्लेबाजी से टीम इंडिया ने 255 रन बनाये। जवाब में खेलने उतरी न्यूज़ीलैंड की टीम जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल की घातक गेंदबाजी के सामने 159 रन पर ही ढेर हो गये। जसप्रीत बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच बने जबकि संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गये।