राष्ट्रीय खेल अधिनियम 2025 के अनुरूप झारखंड कुश्ती संघ के नए बायलॉज को मंजूरी

Jharkhand Wrestling Association: झारखंड राज्य कुश्ती संघ की स्पेशल जनरल बॉडी की बैठक रांची में संघ के उपाध्यक्ष अमरनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में राष्ट्रीय खेल अधिनियम 2025 और भारतीय कुश्ती संघ के नियमों के अनुरूप तैयार किए गए झारखंड कुश्ती संघ के नए बायलॉज को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

बैठक में राज्य के सभी 24 जिलों से एक-एक महिला और पुरुष प्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा झारखंड कुश्ती संघ की कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

बैठक में वर्ष 2026-30 के लिए झारखंड कुश्ती संघ का चुनाव कराने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी।

महासचिव रजनीश कुमार ने कहा कि नए बायलॉज लागू होने के बाद संघ का संचालन राष्ट्रीय खेल अधिनियम 2025 के अनुरूप होगा। उन्होंने कहा कि इससे संगठन में पारदर्शिता बढ़ेगी और झारखंड में कुश्ती के विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने सभी जिला इकाइयों से राष्ट्रीय खेल नीति 2025 के अनुसार अपनी-अपनी जिला समितियों का गठन करने, अधिक से अधिक खिलाड़ियों और महिलाओं को शामिल करने तथा जल्द से जल्द जिला स्तर पर चुनाव कराने की अपील की।