Be careful if you live in Jharkhand: बीते कुछ दिनों से लगातार झारखंड का मौसम करवट ले रहा है। होली के समय तक गर्मी का अहसास होने लगा था। ऐसा लग रहा था कि इस बार गर्मी का मौसम सबको रूलायेगा। लेकिन बीते कुछ दिनों से मौसम ने करवट ले ली है। आंधी-बारिश और कई ईलाकों में लगातार वज्रपात हो रहा है। मंगलवार को कई जिलों में बारिश के साथ ओला भी गिरा था।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 21 मार्च तक राज्य का मौसम बेहद खराब रहेगा। खास तौर पर रांची, लोहरदगा, खूंटी, गुमला, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में ज़्यादा प्रभाव देखने को मिलेगा। इन जिलों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जतायी गयी है। वहीं कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
इसके अलावा धनबाद, बोकारो और हज़ारीबाग में भी बारिश की संभावना जतायी गयी है। गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, जामताड़ा, दुमका और देवघर में दोपहर बाद तेज हवा और हल्की बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बारिश के दौरान पेड़ या खुले जगह पर रहने से मना किया है। मौसम विभाग ने 22 मार्च से मौसम के साफ होने की बात कही है।
