लोहरदगा रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की मांग, सांसद दीपक प्रकाश ने राज्यसभा में की मांग

Lohardaga railway station: झारखंड के प्रचलित जगहों का नाम राज्य के वीर सपूतों के नाम पर रखने की मांग वर्षों से होती रही है। बहुत सारे ऐतिहासिक जगहों, चौक-चौराहों का नाम बदला भी जा चुका है।

अब लोहरदगा रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की मांग होने लगी है। यह मांग की है राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने। राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान उन्होंने लोहरदगा रेलवे स्टेशन के नामकरण की मांग की।

स्टेशन का नाम शहीद पाण्डेय गणपत राय के नाम पर करने की मांग की गयी। शहीद पाण्डेय गणपत राय 1857 के संग्राम के महानायक हैं।

सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि लोहरदगा की माटी ने देश को पाण्डेय गणपत राय जैसा महान सेनानी दिया।

गणपत राय एक महानायक थे। उन्होंने 1857 के पहले स्वतंत्रता संग्राम में बड़ी भूमिका निभायी थी। वे मुक्ति वाहिनी के सेनापति के रूप में अंग्रेजी हुकुमत के खिलाफ बिगुल फूंका था।

महानायक पाण्डेय गणपत राय का जन्म लोहरदगा जिले के भौंरो गांव में हुआ था। अंग्रेजी शासन ने उन्हें फांसी की सजा सुनाई। 21 अप्रैल 1858 को पाण्डेय गणपत राय को फांसी दे दी गयी।