City government formed in Dhanbad: धनबाद में शहर की सरकार बन गयी। यहां नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर और वार्ड पार्षदों ने शपथ ले ली। उन्हें धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद धनबाद नगर निगम के उप महापौर के लिए नामांकन और मतदान हुआ। दोपहर 2:15 बजे से 3:00 बजे तक धनबाद नगर निगम के उप महापौर के लिए मतदान किया गया। मतगणना के बाद निर्वाचन परिणाम की घोषणा की गई।
अरुण कुमार चौहान ने उपमहापौर के पद पर विजय हासिल की। इसके बाद धनबाद नगर निगम के मेयर संजीव सिंह ने उप महापौर को शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के दौरान माहौल काफी उत्साहजनक देखने को मिला। समारोह स्थल के बाहर सभी जीते हुए प्रत्याशियों के समर्थक काफी संख्या में मौजूद थे।
धनबाद समाहरणालय में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह में जिले के जनप्रतिनिधियों के अलावा जिले के अधिकारी भी मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण के बाद सभी ने शहर के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।

चिरकुंडा नगर परिषद में भी शपथ ग्रहण संपन्न
धनबाद के चिरकुंडा नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुनीता देवी को जिले के उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने शपथ दिलायी। इसके बाद सभी 21 वार्ड पार्षदों को भी शपथ दिलायी गयी। इसके बाद नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। इसमें विजय कुमार यादव ने जीत हासिल की। उन्हें भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी।
