कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का रंगारंग आगाज़, मीराबाई चानू ने थामा तिरंगा, भारत ने लॉन बॉल्स में जीत के साथ की शुरुआत

Commonwealth Games 2026 Opening Ceremony: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का स्कॉटलैंड में भव्य और रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ आगाज़ हो गया।

74 देशों के लगभग 3,000 खिलाड़ियों ने पारंपरिक परेड ऑफ नेशंस में हिस्सा लेकर खेलों के महाकुंभ की शुरुआत को यादगार बना दिया।

रंग-बिरंगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत और रोशनी के बीच खिलाड़ियों का स्वागत किया गया।

भारतीय दल की अगुआई ओलंपिक रजत पदक विजेता और दो बार की राष्ट्रमंडल चैंपियन मीराबाई चानू ने की।

हाथों में तिरंगा लिए मीराबाई जब भारतीय दल के साथ स्टेडियम में दाखिल हुईं तो यह पल देशवासियों के लिए गर्व का क्षण बन गया।

वहीं टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन भारत की पहली आधिकारिक सेरेमोनियल बैटन बेयरर बनीं, जिसने भारतीय दल की मौजूदगी को और खास बना दिया।

भारतीय लॉन बॉल्स टीम का विजयी आगाज़

उद्घाटन समारोह के बाद भारत ने मैदान पर भी शानदार शुरुआत की।

भारतीय टीम ने लॉन बॉल्स प्रतियोगिता में जीत दर्ज कर अपने अभियान का विजयी आगाज़ किया।

भारत ने पहला सेट 7-1 से जीता, फिर माल्टा ने दूसरा सेट 3-4 से अपने नाम किया।

इसके बाद टाईब्रेक में भारतीय खिलाड़ी पीछे हो गये लेकिन पिंकी सिंह ने अंतिम बॉल में मैच को भारत की झोली में डाल दिया।

भारत की ओर से पहले सेट में रूपा रानी टिर्की ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

इधर पुरूषों के मुकाबले में भारत के पुतुल सोनोवाल ने बड़ा उलटफेर किया।

उन्होंने दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी कनाडा के दिग्गज रयान बेस्टर को हराकर इतिहास रच दिया।

इस जीत ने भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाया और आगामी मुकाबलों के लिए सकारात्मक संदेश दिया।

इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के 125 खिलाड़ी आठ खेलों में चुनौती पेश कर रहे हैं।

एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग और मुक्केबाजी जैसे खेलों में भारत से पदकों की सबसे अधिक उम्मीद की जा रही है।

भाला फेंक में नीरज चोपड़ा, वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू और मुक्केबाजी में लवलीना बोरगोहेन जैसे स्टार खिलाड़ियों पर देश की निगाहें टिकी होंगी।

भारतीय खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि उद्घाटन समारोह की शानदार शुरुआत और लॉन बॉल्स में मिली शुरुआती जीत पूरे अभियान में भारतीय दल का मनोबल ऊंचा रखेगी और देश के खाते में कई पदक जुड़ेंगे।