विम्बलडन में गत चैंपियन सिनर की संघर्षपूर्ण शुरूआत, जोकोविच अगले राउंड में पहुंचे, महिलाओं में विश्व नंबर 1 सबालेंका ने अगले दौर में किया प्रवेश

Wimbledon Championship: लॉन टेनिस की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता विम्बलडन की शुरूआत हो गयी है।

प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में गत विजेता यानिक सिनर ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में जीत हासिल की।
5 सेट तक खींचे इस मुकाबले में सिनर ने 50वीं रैंक के मिओमिर केचमानेविक को हराया।
इटली के यानिक सिनर ने पहले सेट में 4-6 से हारकर शुरूआत की।
हालांकि दूसरे सेट में उन्होंने 6-3 से जीत दर्ज कर अपनी चुनौती पेश की।
लेकिन इसके बाद तीसरे सेट में उन्हें टाई ब्रेकर में 6-7 से हार का सामना करना पड़ा।
सेट में 1-2 से पिछड़ने के बाद यानिक सिनर ने शानदार वापसी की और अगला दोनों सेट बेहद ही आसानी से जीत अगले दौर में प्रवेश कर लिया।

चोट के बावजूद सीनर ने मैदान नहीं छोड़ा

मैच के दौरान सिनर के जूतों से खून निकलने लगा था।
हालांकि बाद में सिनर ने बताया कि खेलते वक्त नाखून उखड़ने से खून निकल रहा था।
लेकिन दर्द के बावजूद उन्होंने मैच को बीच में नहीं छोड़ा।
लगभग साढ़े तीन घंटे चले इस मुकाबले को सिनर ने 4-6, 6-3, 6-7, 6-2, 6-3 से अपने नाम किया।

नोवाक जोकोविच ने दूसरे दौर में बनायी जगह

24 ग्रैंड स्लैम जीत चुके सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने शानदार शुरूआत की।
चीन के के. वू. यिबिंग को हराकर उन्होंने दूसरे दौर में जगह बनायी।
हालांकि यह मुकाबला 4 सेटों तक खिंचा लेकिन मैच पर जोकोविच ने अपनी पकड़ बनाये रखी।
39 वर्षीय जोकोविच का इरादा 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाना है।

विश्व की नंबर 1 खिलाड़ी सबालेंका की शानदार शुरूआत

दुनिया की नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी एरिना सबालेंका ने विम्बलडन में शानदार शुरूआत की।
पहले दौर में सबालेंका ने सर्बिया की टियोडोरा कोस्तोविक को आसानी से 6-2, 6-3 से हरा दिया।
इस जीत के साथ ही सबालेंका दूसरे दौर में प्रवेश कर गयी हैं।
सबालेंका का मैच देखने पूर्व फुटबॉल स्टार डेविड बेकहम भी दर्शक दीर्घा में मौजूद थे।
पहले दौर के एक अन्य मुकाबले में 4 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोआमी ओसाका ने एलसा जैकमोट को 6-1, 7-5 से हराया।
वहीं चौथी वरीयता प्राप्त अमेरिका की जेसिका पेगुला ने चेक गणराज्य की डार्या विडमानोवा को 7-5, 6-3 से मात दी।
16वीं वरीयता प्राप्त अमेरिका की 18 वर्षीय इवा जोविक ने जैकलीन क्रिस्टियन को 7-6, 6-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।