DGP review security and law and order: आने वाले त्यौहार को लेकर झारखंड पुलिस मुस्तैद है। डीजीपी नताशा मिश्र ने पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में आगामी त्योहार ईद, सरहुल और रामनवमी के अवसर पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में वरीय पुलिस अधिकारियों के अलावा सभी जिलों के एसएसपी और एसपी शामिल रहे।
बैठक में विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण हेतु जिलावार समीक्षा की गयी। सभी जिलों के पुलिस कप्तान ने त्यौहारों से जुड़ी तैयारी को साझा किया।
डीजीपी ने सभी जिलों को राज्य में आगामी त्योहारों के अवसर पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिये असामाजिक तत्वों एवं उपद्रवियों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही जुलूस के मार्गों के भौतिक सत्यापन, धार्मिक स्थलों एवं जुलूस का ड्रोन से मॉनिटरिंग करने, वैसे जिले जहां पूर्व में सांप्रदायिक घटनाएं घटित हुई हैं, उन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने, घटित स्थलों पर बलों की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति करने के साथ-साथ लंबित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए कांडो का निष्पादन करने एवं सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखते हुए किसी तरह की अफवाह फैले तो तत्काल उसका सत्यापन करते हुए अग्रतर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
महिला सुरक्षा पर जोर
डीजीपी ने महिला सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखने, वीवीआईपी मूवमेंट में प्रभावी सुरक्षा प्रदान करने, जिला नियंत्रण कक्ष को अधिक प्रभावी रूप से कार्य करने का भी निर्देश दिया।
त्यौहारों से पहले सभी हॉट स्पॉट को चिन्हित कर उस पर विशेष निगरानी रखने, सीसीटीवी और ड्रोन के जरिये एरियल सर्विलांस की व्यवस्था करने, सुरक्षा बलों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।
