Earth Day 2026: 22 अप्रैल 2026 को पृथ्वी दिवस के अवसर पर फॉरेस्ट ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (FOWA) की ओर से एक भव्य और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस कार्यक्रम में सदस्यों, बच्चों और आमंत्रित अतिथियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विशाखा वर्मा ने स्वागत भाषण देते हुए पृथ्वी दिवस के महत्व और पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी की जरूरत पर जोर दिया।
छोटे-छोटे कदम, बड़े बदलाव
इस मौके पर अतिथियों का सम्मान भी किया गया। साथ ही अतिथि वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और हमारी व्यक्तिगत जिम्मेदारियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि अगर हम आज से ही छोटे-छोटे कदम उठाएं, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और स्वच्छ पृथ्वी सुनिश्चित कर सकते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वृक्षारोपण अभियान रहा, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति एक मजबूत संदेश देने वाली रही। FOWA के सदस्यों ने भी अपने विचार साझा करते हुए लोगों को जागरूक और प्रेरित किया।
इस मौके पर कई लोगों को सम्मानित भी किया गया। उनमें उषा सिन्हा, प्रोमिला सिंह, मुक्ता श्रीवास्तव और पूजा बख्शी प्रमुख रहे।
बच्चों के बीच पुरस्कार वितरण
बच्चों के उत्साह को बढ़ाने के लिए पुरस्कार वितरण भी किया गया। इस दौरान आदिवासी बालिका उच्च विद्यालय, रातु के 70, महारानी प्रेम मंजरी बालिका उच्च विद्यालय की 49 और ASTVS जिला स्कूल के 40 छात्रों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में योगदान देने वाले सदस्यों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों के साथ सामूहिक छायाचित्र लिया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
कार्यक्रम के समापन पर मीनू पांडियन ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।
इस अवसर पर FOWA की अध्यक्ष श्रीमती भारती कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि, “पृथ्वी पर जीवन का आधार पेड़-पौधे, जीव-जंतु और मानव सभी हैं। ऐसे में पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।
आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन की चुनौती का सामना कर रही है, इसलिए हमें अपनी जीवनशैली में बदलाव लाना होगा। ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाना, पानी और बिजली की बचत करना बेहद जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां सुरक्षित रह सकें।”
उन्होंने यह भी बताया कि FOWA पहले भी पर्यावरण जागरूकता के लिए कई कार्यक्रम कर चुका है और आगे भी इसी दिशा में लगातार काम करता रहेगा।
