Fifa World Cup England Vs France: फीफा वर्ल्ड कप के तीसरे स्थान के लिए इंग्लैंड और फ्रांस के बीच भिड़ंत हुई।
यह मुकाबला इतिहास के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक हुआ।
10 गोल वाले इस मुकाबले में इंग्लैंड ने फ्रांस को 6-4 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त कर लिया।
मैच की शुरूआत से ही इंग्लैंड रहा हावी
इंग्लैंड की टीम ने शुरूआत से ही आक्रामक रूख अख्तियार कर लिया।
नियमित कप्तान हैरी केन की जगह कप्तानी कर रहे डेक्लान राइस ने तीसरे ही मिनट में शानदार गोल दागा और 1-0 की बढ़त दिला दी।
18वें मिनट में राइस के असिस्ट पर एजरी कोन्सा ने हेडर मारकर गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया।
लेकिन इस मैच में दिन इंग्लैंड के खिलाड़ी बुकायो साका का था।
2-0 की बढ़त के बाद भी इंग्लैंड रूकने को तैयार नहीं था।
इंग्लिश खिलाड़ी बुकायो साका ने 6 मिनट के अंतराल पर 2 गोल दागकर बढ़त को 4-0 कर दिया।
साका ने 37वें और 43वें मिनट में गोल दागा।
हाफ टाइम तक इंग्लैंड की टीम 4-0 से आगे थी।
फ्रांस की दूसरे हाफ में हैरतअंगेज वापसी
पहले हाफ के बाद फ्रांस के खिलाड़ियों में अलग तेवर देखने को मिला।
उस्मान डेम्बेले और ब्रैडली बारकोला के आने से फ्रांसीसी खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर था।
दूसरे हाफ में 3 मिनट बाद ही किलियन एमबाप्पे ने गोल दागकर फ्रांस के खाते में 1 गोल जोड़ा।
6 मिनट बाद ही ब्रैडली बारकोला ने दूसरा गोल दागा और अंतर को 4-2 कर दिया।
66वें मिनट में किलियन एमबाप्पे ने अपना दूसरा गोल दागकर अंतर को और कम किया।
इसके बाद बुकायो साका ने 87वें मिनट में मिली पेनाल्टी को गोल में तब्दील कर अपनी हैट्रिक पूरी की और इंग्लैंड की बढ़त 5-3 कर दी।
फ्रांस भी हार मानने को तैयार नहीं था और स्टॉपेज टाइम में उस्मान डेम्बेले ने गोल दागकर स्कोर को 5-4 कर दिया।
लेकिन इंजरी टाइम में सबस्टीट्यूड के तौर पर उतरे स्टार फुटबॉलर जूड बेलिंगहम ने गोल दागकर इंग्लैंड की जीत 6-4 से पक्की कर दी।
गोल्डन बूट की रेस में आगे एमबाप्पे
10 गोल दागकर और 3 असिस्ट के साथ किलियन एमबाप्पे गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे हो गये हैं।
लियोनेल मेसी के 8 गोल और 4 असिस्ट हैं और उनका एक मुकाबला अभी बाकी है।
