रांची में तीन दिवसीय एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक प्रशिक्षण शिविर एवं राष्ट्रीय चयन ट्रायल शुरू, नये तकनीक और नियमों से रूबरू हो रहे खिलाड़ी

Acrobatic Gymnastics Training Camp: झारखंड जिम्नास्टिक संघ एवं झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (JSSPS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक प्रशिक्षण शिविर एवं राष्ट्रीय चयन ट्रायल का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर झारखंड जिम्नास्टिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. निशिकांत पाठक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों के नियम एवं कोड ऑफ पॉइंट्स समय-समय पर परिवर्तित होते रहते हैं।

ऐसे में खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को नवीनतम तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।

प्रशिक्षण शिविर के लिए पश्चिम बंगाल से अभिजीत देवनाथ को मुख्य तकनीकी विशेषज्ञ एवं अतिथि प्रशिक्षक के रूप में आमंत्रित किया गया है।

देवनाथ देश के प्रतिष्ठित एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक विशेषज्ञों में से एक हैं।

वे 10 बार राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता, 2017 एशियन एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप (कज़ाखस्तान) के कांस्य पदक विजेता, 2018 विश्व कप (बाकू, अज़रबैजान) के प्रतिभागी, ‘बंगलार गौरव’ सम्मान (2018) से सम्मानित, अंतरराष्ट्रीय जज एवं अंतरराष्ट्रीय कोच, इंडियाज़ गॉट टैलेंट (2011) एवं एशियाज़ गॉट टैलेंट (2015) के प्रतिभागी रह चुके हैं।

वर्तमान में वे जिम्नास्टिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक तकनीकी समिति (Technical Committee) के सदस्य हैं।

उन्होंने 14वीं एशियन एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप, गोवा (2025) तथा एक्रो वर्ल्ड कप, बर्गास (बुल्गारिया) 2026 में अंतरराष्ट्रीय निर्णायक (Judge) के रूप में भी अपनी सेवाएँ दी हैं।

नयी तकनीक और कोड ऑफ प्वाइंट्स की जानकारी ले रहे खिलाड़ी

शुभारंभ समारोह से पूर्व खिलाड़ियों ने एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक की आकर्षक एवं रोमांचक प्रस्तुतियों का डेमोन्स्ट्रेशन किया।

खिलाड़ियों ने संतुलन, शक्ति, लचीलापन, समन्वय एवं कलात्मकता का शानदार प्रदर्शन करते हुए अनेक कठिन एवं मनमोहक मूव्स प्रस्तुत किए।

उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

जेएसएसपीएस परिसर में चल रहे इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को नवीनतम अंतरराष्ट्रीय नियमों, कोड ऑफ पॉइंट्स (Code of Points) तथा आधुनिक तकनीकी कौशल से प्रशिक्षित कर आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं एवं राष्ट्रीय टीम चयन के लिए तैयार करना है।

शिविर के दौरान झारखंड एवं जेएसएसपीएस के खिलाड़ियों को एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक की नवीन तकनीकों, संतुलन, समन्वय, प्रस्तुतीकरण, कठिन कौशल (Difficulty Elements) तथा अद्यतन प्रतियोगिता नियमों का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को यह भी बताया जा रहा है कि नवीन नियमों के अनुरूप अपने प्रदर्शन को किस प्रकार बेहतर बनाकर अधिकतम अंक अर्जित किए जा सकते हैं।

प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा झारखंड के लिए अधिकाधिक पदक अर्जित करने हेतु तैयार करना है।

इस अवसर पर झारखंड जिम्नास्टिक संघ की उपाध्यक्ष पुष्पा हेस्सा, सचिव तूलिका श्रीवास्तव, गोविन्द झा (अध्यक्ष, रांची जिम्नास्टिक संघ), जेएसएसपीएस के कोच एवं एरोबिक्स प्रभारी विकास कुमार गोप, प्रशिक्षिका हेमा कुमारी और कोषाध्यक्ष डॉ. दीपक कुमार सहित झारखंड जिम्नास्टिक संघ, जेएसएसपीएस एवं एलएमसी (LMC) के अनेक पदाधिकारी, प्रशिक्षक, तकनीकी अधिकारी, खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।