सिमडेगा जिला सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप का पहला दिन, 5 मैचों में युवा खिलाड़ियों ने दिखाया दम

Simdega Hockey: सिमडेगा में जिला स्तरीय सब जूनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता चल रही है।

सिमडेगा जिला स्थापना दिवस के रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर इसका आयोजन किया गया है।

प्रतियोगिता का उद्घाटन जिले की उपायुक्त कंचन सिंह ने किया।

इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष ओलीभर लकड़ा और अपर समाहर्ता ज्ञानेंद्र भी मौजूद रहे।

उपायुक्त ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनायें देते हुए कहा कि वे भविष्य में अच्छे से मेहनत कर अपना, अपने परिवार, जिला और राज्य का नाम रोशन करें।

इस प्रतियोगिता में जिला के सभी 9 प्रखंडों से कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं।

इन 16 टीमों में जिला की 288 महिला हॉकी खिलाड़ी शामिल हुए हैं।

इन सभी टीमों को आयोजन समिति की ओर से जर्सी देकर सम्मानित किया गया।

पहले दिन 5 मुकाबले संपन्न

प्रतियोगिता के पहले दिन दोनो मैदानों में कुल पांच मैच खेले गए। इन मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों ने खूब दम दिखाया।

पहले मैच में सिनी सिमडेगा ने केवीएस सिमडेगा को 3-0 से पराजित किया।

विजेता सिनी टीम की सुचिता मूंडू प्लेयर ऑफ द मैच रहीं।

दूसरा मैच टेसर और बरवाडीह के बीच 1-1 गोल की बराबरी पर छूटा।

इस मुकाबले में टेसर टीम की ब्यूटी प्रीति कुल्लू प्लेयर ऑफ द मैच रहीं।

तीसरे मैच में बांसजोर ने ग्रीन गार्डेन खूंटी टोली को 8-0 से रौंद दिया।

बांसजोर की प्रतिमा कुमारी प्लेयर ऑफ द मैच रहीं।

चौथे मैच में लोंबोई ने पीएम श्री विद्यालय बासेन को 13-0 से पटका।

लोंबोई की ओमलीना मुंडू प्लेयर ऑफ द मैच रहीं।

पांचवा मैच करंगागुड़ी और रंगारी के बीच गोल रहित ड्रॉ रहा।

इस मैच में रंगारी की प्रीति मांझी बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच रही।

प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही टीमें

प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय बानो, बरवाडीह, लंबोई, बांसजोर, यूसी रेगारी, समसेरा, तैसेर, करंगागुड़ी, पीएम श्री विद्यालय बासेन, पाकरटांढ, आरसी पीएस कोचेडेगा, ग्रीन गार्डेन खूंटी टोली, केवीएस सिमडेगा, एसटीसी सिमडेगा, सिनी  सिमडेगा और STC  लचड़गढ़।

आयोजन में मुख्य रूप से जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोणबेगी और कमलेश्वर मांझी सहित जिला खेलकूद से जुड़े लोगों की भूमिका अहम है।

3 मई तक चलने वाले इस प्रतियोगिता में कुल 32 मैच खेले जायेंगे।