Vedtimes.com | स्पोर्ट्स डेस्क
Grand welcome in Ranchi: जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय हॉकी टीमों की ऐतिहासिक सफलता के बाद हॉकी इंडिया के महासचिव एवं झारखंड हॉकी के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह गुरुवार को रांची पहुंचे।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों और खेलप्रेमियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
एशियन गेम्स में भारतीय हॉकी ने रचा इतिहास
एशियन गेम्स 2026 भारतीय हॉकी के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक रहा।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 44 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस स्वर्णिम सफलता के साथ भारतीय महिला टीम ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई भी किया।
वहीं, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने भी स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा।
पुरुष टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक हासिल किया।
खास बात यह रही कि एशियन गेम्स के एक ही संस्करण में भारतीय पुरुष और महिला दोनों हॉकी टीमों ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इन ऐतिहासिक उपलब्धियों के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह जापान में भारतीय टीमों के साथ मौजूद रहे।
उन्होंने खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन के साथ रहकर लगातार उनका उत्साहवर्धन किया और टीमों का मनोबल बढ़ाया।
भारतीय हॉकी टीमों की स्वदेश वापसी के बाद अब भोलानाथ सिंह के रांची लौटने पर हॉकी झारखंड की ओर से एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
इस दौरान झारखंड की प्रथम महिला अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति, हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, कोषाध्यक्ष असृता लकड़ा, डायरेक्टर जनरल विजय शंकर सिंह, सहायक सचिव दुलारी टोपनो, झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार, हॉकी रांची के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार सहित कई खेलप्रेमी मौजूद रहे।
एशियन गेम्स में भारतीय हॉकी की इस दोहरी स्वर्णिम सफलता ने देश के साथ-साथ झारखंड के खेल जगत में भी उत्साह की नई लहर पैदा की है।
