असम चुनाव में जेएमएम ने झोंकी ताकत, हेमंत-कल्पना के साथ मंत्री-सांसद भी चुनाव प्रचार में जुटे

Hemant and Kalpana campaigning in Assam: असम विधानसभा चुनाव पर जेएमएम की पूरी नज़र है। वो किसी भी कीमत पर असम चुनाव में किंग मेकर की भूमिका बनना चाहते हैं। यही वजह है कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren), उनकी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के अलावा राज्य सरकार के मंत्री भी असम में चुनाव प्रचार में लग गये हैं।

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने असम के सोनारी विधानसभा क्षेत्र के चाय बगान में जनसंपर्क अभियान चलाया।

उन्होंने लोगों से कहा कि झारखंड की तरह असम में भी मेहनत करने वाले वर्ग को सम्मान और अधिकार मिलना चाहिये।

इधर जेएमएम के केन्द्रीय अध्यक्ष और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार असम में जनसभायें और जनसंपर्क कर रहे हैं।

हेमंत सोरेन ने मार्गेरिटा विधानसभा सीट से झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी जर्नेल मिंज के पक्ष में वोट की अपील की।

इससे पहले मजबत विधानसभा में उन्होंने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सभी को एकजुट होने के लिए कहा।

पारंपरिक वेशभूषा में हेमंत सोरेन

हेमंत सोरेन असम की पारंपरिक वेशभूषा में मंच पर पहुंचे थे। उन्होंने आदिवासियों और चाय बागान के मजदूरों को एकजुट होने के लिए मंच से हुंकार भरी।

सभा में संबोधन के दौरान हेमंत ने असम की राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाये।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को जनसभा की अनुमति देने में स्थानीय प्रशासन देर करता है, जबकि सत्ताधारी दलों को परमिशन तुरंत मिल जाता है।

उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था में असमानता करार देते हुए कहा कि अगर आज भी लोग अपने अधिकारों के लिए आवाज़ नहीं उठायेंगे तो भविष्य में संघर्ष की ताकत कमज़ोर पड़ सकती है।

इधर हेमंत सोरेन की पत्नी विधायक कल्पना सोरेन भी असम में चुनाव प्रचार की कमान संभाल चुकी हैं। उन्होंने चबुआ विधानसभा में जेएमएम प्रत्याशी भूबेन मुरारी के पक्ष में वोट की अपील करते हुए कहा कि इस चुनाव में सभी को एकजुट होना है।

इस मौके पर जेएमएम सांसद जोबा मांझी भी मौजूद रहीं।