विम्बलडन के एक संघर्षपूर्ण मुकाबले में गत विजेता यानिक सिनर ने बचाया मैच, महिलाओं में नंबर-1 एरिना सबालेंका भी अगले दौर में पहुंची

Wimbledon Championship 2026: विम्बलडन के मौजूदा चैंपियन यानिक सिनर ने तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है।

दूसरे दौर के संघर्षपूर्ण मुकाबले में सिनर ने पुर्तगाल के नूनो बोर्जेस को 7-6, 7-6, 6-4 से हराया।

सिनर ने पहले दौर में पांच सेटों तक चले कड़े मुकाबले में मियोमिर केकमैनोविच को हराया था।

अगले दौर में यानिक सिनर का सामना अमेरिका के जेन्सन ब्रूक्सबी से होगा।

ग्रैंड स्लैम मुकाबलों में 95वीं जीत के साथ यानिक सिन इटली के निकोला पिएत्रांगेली से आगे निकल गये।

2 घंटे 32 मिनट तक चले दूसरे दौर के मुकाबले में पहले दो सेटों में नूनो बोर्जेस ने वर्ल्ड नंबर-1 खिलाड़ी यानिक सिनर की कड़ी परीक्षा ली।

इस जीत के बाद यानिक सिनर ने कहा कि ग्रास कोर्ट पर वो अभी अपनी लय की तलाश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा, वो पहले से बेहतर खेल दिखाते जायेंगे।

इधर फ्रेंच ओपन में उपविजेता रहे फ्लावियो कोबोली ने भी अपना मुकाबला जीता।

17वीं रैंकिंग वाले फ्रांसिस टियाफो और 21वीं रैंकिंग वाले टॉमी पॉल भी तीसरे दौर में पहुंच गये हैं।

एरिना सबालेंका अगले दौर में पहुंची

महिलाओं में शीर्ष वरीयता प्राप्त बेलारूस की एरिना सबालेंका ने अमेरिकी खिलाड़ी मैककार्टनी को हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया।

सबालेंका ने यह मैच 6-1, 7-6 से अपने नाम किया।

एक समय दूसरे सेट में सबालेंका 2-5 से पिछड़ रही थीं, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 4 प्वाइंट बचाये और सेट अपने नाम किया।

तीसरे दौर में सबालेंका की भिड़ंत जेलेना ओस्टापेंको से होगा।

इन दोनों के बीच अब तक 4 बार मुकाबला हो चुका है, जिसमें सबालेंका 3-1 से आगे हैं।

जेलेना ओस्टापेंको ने दूसरे दौर में क्रोएशिया की एंटोनिया रुजिक को सीधे सेटों में हराकर तीसरे दौर में जगह बनायी है।

जेलेना ने यह मुकाबला 6-2, 6-0 से अपने नाम किया।

ग्रास कोर्ट पर सबालेंका पहली खिताबी जीत का इंतज़ार कर रही हैं।

इन दोनों खिलाड़ियों के बीच ग्रास कोर्ट पर यह पहली भिड़ंत भी होगी।