सिमडेगा में ओलंपिक दिवस पर महिला हॉकी प्रदर्शनी मैच का आयोजन, मिनी शक्ति नारी क्लब बनी विजेता

Hockey Exhibition Match: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर हॉकी सिमडेगा और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सिमडेगा जिले के एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में महिला वर्ग का रोमांचक प्रदर्शनी हॉकी मैच आयोजित किया गया।

मैच में मिनी शक्ति नारी क्लब और विवेकानंद क्लब की टीमें आमने-सामने थीं।

निर्धारित समय तक दोनों टीमों ने 1-1 गोल कर मैच को बराबरी पर रखा।

इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में मिनी शक्ति नारी क्लब ने 3-2 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

मैच का शुभारंभ जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार और हॉकी झारखंड सह हॉकी सिमडेगा के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

मैच में रोहित बेसरा और फ्लेबियुस तिर्की ने अंपायर की भूमिका निभाई।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह ने विजेता और उपविजेता टीम की खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में उपायुक्त ने खिलाड़ियों को ओलंपिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज आप लोग यहां खेल रहे हैं, लेकिन लक्ष्य ओलंपिक होना चाहिए।

देश का प्रतिनिधित्व करते हुए ओलंपिक में देश का तिरंगा लहराना ही असली जीत है।