International Olympic Week: अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक सप्ताह के अवसर पर झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन, रांची जिला ओलम्पिक एसोसिएशन एवं विभिन्न खेल संघों के संयुक्त तत्वावधान में पूरे झारखंड में समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया।
इस वर्ष के आयोजन में “ग्रीन फॉरेस्ट” के संकल्प के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
रांची में ओलम्पिक मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने भाग लिया।
दौड़ की शुरुआत मोराबादी स्थित झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन कार्यालय परिसर से हुई।
इस अवसर पर प्रतिभागी अपने हाथों में अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस के बैनर लिए हुए चल रहे थे, जिससे पूरे वातावरण में खेल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ।
अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक सप्ताह को लेकर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
जयपाल सिंह स्टेडियम में सेपक टकरा प्रतियोगिता तथा वुशु हॉल, मोराबादी में वुशु प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रांची जिला ओलम्पिक एसोसिएशन, झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन तथा विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एस.के. पांडे और कोषाध्यक्ष शिवेन्द्र दुबे सहित निशिकांत पाठक, चंचल भट्टाचार्य, उदय साहू, सुनील सहाय, सुनील कुमार, डॉ. दीपक, दीपक गोप, शैलेन्द्र दुबे, विभूति भूषण अमर, रामेन्द्र कुमार, प्रभाकर वर्मा, राकेश रमन, हरजीन्दर सिंह, राजू महतो एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
इंडियन ओलम्पिक एसोसिएशन एवं झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन के दिशा-निर्देशों के आलोक में अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक सप्ताह का आयोजन पूरे झारखंड में किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, स्वस्थ जीवनशैली, एकता, मित्रता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का प्रसार करना है।
