Jharkhand T20 League: झारखंड में इन दिनों फटाफट क्रिकेट की खुमारी छायी हुई है।
जेएससीए में आयोजित झारखंड टी-20 लीग अब अपने आखिरी पड़ाव में पहुंच गया है।
खिताबी जंग में जमशेदपुर स्टीलर्स और छोटानागपुर रॉयल्स ने शानदार अंदाज में अपनी जगह बनायी।
कुमार करण की आंधी में उड़ा कोयलांचल
पहले सेमीफाइनल में जमशेदपुर स्टीलर्स और कोयलांचल सुपर किंग्स की भिड़ंत हुई।
इस मुकाबले में जमशेदपुर ने कोयलांचल को 79 रनों से रौंदकर फाइनल में जगह बनायी।
मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी जमशेदपुर स्टीलर्स की टीम ने जबरदस्त बल्लेबाजी की।
हांलाकि 38 रनों पर कुमार देवब्रत और 47 रनों पर मनिकांत मिश्रा का विकेट जमशेदपुर ने गंवा दिया।
एक समय जमशेदपुर का स्कोर 5.2 ओवर में 2 विकेट पर 47 रन था।
लेकिन इसके बाद की आंधी का अंदाजा कोयलांचल के किसी गेंदबाज को नहीं था।
सलामी बल्लेबाज कुमार करण और दूसरा विकेट गिरने के बाद आये रवि शर्मा क्रीज पर मौजूद थे।
दोनों ने गेंदबाजों की ऐसी धुनाई शुरू की कि मैदान में खड़ा हर खिलाड़ी भौंचक्का रह गया।
कुमार करण ने महज 63 गेंदों पर 8 चौके और 14 छक्कों की मदद से नाबाद 143 रन बनाये।
वहीं रवि शर्मा ने 46 गेंदों पर 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 81 रनों की धुआंधार पारी खेली।
दोनों ने तीसरे विकेट के लिए रिकॉर्ड 203 रनों की साझेदारी की।
कोयलांचल की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज राहुल प्रसाद रहे।
जमशेदपुर के दोनों विकेट राहुल के नाम रहा।
वहीं जुनैद अशरफ सबसे महंगे साबित हुए।
जुनैद ने 4 ओवर के स्पेल में 65 रन खर्च किये।
कोयलांचल के उत्कर्ष ने दिखाया दम
251 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोयलांचल सुपर किंग्स की टीम 17.3 ओवर में 171 रन पर ऑल आउट हो गयी।
कप्तान उत्कर्ष सिंह के अलावा एक भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया।
7 बल्लेबाज दहाई के आंकड़ों को भी नहीं छू पाये।
सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतरे उत्कर्ष ने 46 गेंदों पर 8 चौके और 9 छक्कों की मदद से 101 रनों की पारी खेली।
जमशेदपुर स्टीलर्स की तरफ से कोनैन कुरैशी और प्रतीक रंजन ने 3-3 विकेट झटके, जबकि अमन कुमार को 2 विकेट मिला।
शक्ति सिंह और रवि शर्मा ने 1-1 बल्लेबाजों को पैवेलियन भेजा।
कुमार करण को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
