छोटानागपुर रॉयल्स का रॉयल खेल, रांची टाइंटस को हराकर झारखंड टी-20 लीग के खिताबी जंग में पहुंचा, जमशेदपुर स्टीलर्स से होगा मुकाबला

Jharkhand T20 League: आईपीएल की तर्ज पर फटाफट क्रिकेट का रोमांच झारखंड वासियों के सिर चढ़ कर बोल रहा है।

रांची के जेएससीए स्टेडियम में झारखंड टी-20 लीग में खिलाड़ी जमकर चौके-छक्के लगा रहे हैं।

अब यह प्रतियोगिता अपने आखिरी पड़ाव में पहुंच गयी है।

फाइनल में छोटानागपुर रॉयल्स और जमशेदपुर स्टीलर्स के बीच भिड़ंत होनी है।

प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल में छोटानागपुर रॉयल्स ने रांची टाइंटस को हरा दिया।

श्रेष्ठा की बदौलत रांची ने खड़ा किया बड़ा स्कोर

पहले बल्लेबाजी करने उतरी रांची टाइटंस की शुरूआत अच्छी नहीं रही।

फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज शिखर मोहन सिर्फ 8 रन बनाकर पैवेलियन लौट गये।

इसके बाद 55 रन पहुंचने तक रांची ने अपने 3 विकेट गंवा दिये।

इसके बाद श्रेष्ठा और आर्यन हुडा ने साझेदारी कर स्कोर को आगे बढ़ाया।

श्रेष्ठा ने सबसे ज़्यादा रन बनाये। उन्होंने 36 गेंदों पर 5 चौके और 4 छक्कों की बदौलत 62 रन बनाये।

आर्यन हुडा ने 22 गेंदों पर 4 चौके की मदद से 29 रनों की पारी खेली।

प्रियांशु चौबे और कप्तान राजनदीप सिंह ने 24-24 रनों का योगदान दिया।

रांची टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाये।

छोटानागपुर की तरफ से विकास ने सबसे ज़्यादा 3 विकेट झटके।

सुप्रियो चक्रवर्ती और राहुल रजक ने 2-2 विकेट अपने नाम किया।

विराट, कुशाग्र और नाजिम पड़े रांची टाइटंस पर भारी

221 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स की टीम की शुरूआत धमाकेदार रही।

सलामी बल्लेबाज नाजिम सिद्दी और विराट सिंह ने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में ही 97 रन जोड़ दिये।

नाजिम सिद्दीकी ने 19 गेंदों पर 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 43 रनों की पारी खेली।

पहला विकेट गिरने के बाद भी कुमार कुशाग्र और कप्तान विराट सिंह ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी।

दोनों ने 13.4 ओवर में ही स्कोर को 181 रनों तक पहुंचा दिया।

कुमार कुशाग्र 26 गेंदों पर 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद विराट सिंह भी 196 रनों के कुल योग पर आउट हो गये।

हालांकि इस समय तक टीम जीत की दहलीज तक पहुंच चुकी थी।

विराट सिंह ने 43 गेंदों पर 8 चौके और 4 छक्कों की मदद से 77 रन बनाये।

इस समय छोटानागपुर को जीत के लिए 24 गेंदों पर 25 रनों की आवश्यकता थी।

श्रेष्ठ सागर और चंदन मुखी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर 8 गेंदों पर ही जीत का लक्ष्य प्राप्त कर लिया।

रांची टाइटंस की तरफ से सौरभ शेखर ने 2 बल्लेबाजों को आउट किया जबकि प्रियांशु चौबे ने 1 विकेट झटका।

कप्तान राजनदीप सिंह सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए।

उन्होंने 2 ओवर में 38 रन खर्च किये।

इस जीत के साथ ही छोटानागपुर रॉयल्स खिताबी जंग में पहुंच चुकी है।

फाइनल में उसका मुकाबला जमशेदपुर स्टीलर्स से होगा।