राष्ट्रीय सब जूनियर कबड्डी में झारखंड तीसरे स्थान पर, खिलाड़ियों का हुआ भव्य स्वागत

National Sub Junior Kabaddi Championships: 35वीं सब जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता 2026 में झारखंड की टीम को तीसरा स्थान मिला।

एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले डे बोर्डिंग के 5 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया।

इन खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल कौशल के दम पर न सिर्फ अपने संस्थान का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे राज्य को गर्व महसूस कराया।

सेंटर की अपूर्वा गुरुंग, प्रिया टोप्पो, आकांक्षा कुमारी, सुरभि भगत और सृष्टि टोप्पो झारखंड टीम में शामिल थीं।

खिलाड़ियों का सम्मान समारोह

स्वागत समारोह का आयोजन कबड्डी ग्राउंड में किया गया। खिलाड़ियों के आगमन पर फूल- बुके एवं शाल देकर सभी खिलाड़ियों का स्वागत और अभिनंदन किया गया।

मौके पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका हौसला बढ़ाया।

इस दौरान खिलाड़ियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम में झारखंड राज्य कबड्डी संघ के सरंक्षक डॉ. राजेश गुप्ता ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता उनके कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है।

उन्होंने अन्य युवाओं को भी इन खिलाड़ियों से प्रेरणा लेने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

साथ ही यह भी कहा गया कि खेल न केवल शारीरिक विकास करता है, बल्कि मानसिक मजबूती और टीम भावना को भी बढ़ाता है।

इन खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास किया जाए, तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

डे बोर्डिंग रांची के इन सभी खिलाड़ियों ने आने वाली पीढ़ी के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

अंत में सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई और उम्मीद की कि वे आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।

इस मौके पर रांची के खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह, संघ के सचिव संजय कुमार झा, चंचल भटाचार्य, रमेश सिंह, प्रो. अरुण सिंह, अध्यक्ष तपन कुमार राउत, प्रशिक्षक हरीश कुमार, शिव सागर, प्रदीप तिर्की, लक्षमण रजक, कालिकांत झा, एम. त्रिपाठी, आशा बेक, स्नेहा थापा, सुनील कच्छप, राहुल किट्टू सिंह, चेतन प्रकाश, रोहित शर्मा, उमेश दास, शंकर प्रसाद, राम प्रसाद, विजय वर्मा एवं अन्य सभी पदाधिकारियों ने भी शुभकामनाएं प्रेषित की।