जूनियर राष्ट्रीय पुरुष हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड टीम सेमीफाइनल में, उत्तरप्रदेश को 4-3 से हराया

Junior National Hockey Championship: तमिलनाडु में चल रही 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गयी है।

क्वार्टर फाइनल मैच में उत्तरप्रदेश को 4-3 से हराकर झारखंड ने सेमीफाइनल में जगह बनायी।

रोमांचक मुकाबले में झारखंड ने उत्तरप्रदेश को हराया

झारखंड टीम ने क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए मजबूत उत्तरप्रदेश की टीम को पेनाल्टी शूटआउट में हराया।

आज खेले जा रहे काफी उतार चढ़ाव वाले क्वार्टर फाइनल मैच में एक समय झारखंड की टीम 3-2 से पिछड़ रही थी।

मैच खत्म होने के महज 25 सेकेंड पहले झारखंड के खिलाड़ी निकोलस ने शानदार फील्ड गोल दागा और स्कोर को 3-3 की बराबरी पर ला खड़ा किया।

इसके बाद मैच ट्राई ब्रेकर में गया जहां झारखंड ने बाजी मार ली।

मैच के दौरान गोल

मैच के शुरूआत में झारखंड की टीम उत्तरप्रदेश पर हावी रही।

26वें मिनट में पटरस हस्सा ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर झारखंड को 1-0 की बढ़त दिला दी।

लेकिन इसके बाद उत्तरप्रदेश ने 28वें मिनट में ही एक गोल दागकर स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया।

33वें मिनट में उत्तरप्रदेश ने दूसरा गोल दागकर 2-1 की बढ़त ले ली।

43वें मिनट में झारखंड की मिली पेनाल्टी कॉर्नर को ग्लैडसन भेंगरा ने गोल में बदल दिया और स्कोर फिर से बराबरी पर पहुंच गया।

50वें मिनट में उत्तरप्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार फील्ड गोल दागकर 3-2 की बढ़त ले ली।

मैच का निर्धारित समय खत्म होने से महज 25 सेकेंड पहले झारखंडी खिलाड़ी निकोलस ने शानदार गोल दागा और स्कोर को 3-3 की बराबरी पर ला खड़ा किया।

ट्राई ब्रेकर में पेनाल्टी शूटआउट में झारखंड की तरफ से रोहित तिर्की, पतरस हस्सा, जोलेन सांगा और अंकित एक्का ने गोल दागा।

वहीं झारखंड के गोलकीपर प्रिंस साहू ने उत्तरप्रदेश के 2 खिलाड़ियों का गोल रोककर झारखंड को जीत दिला दी।

झारखंड टीम के पतरस हस्सा को आज के मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।