National Junior Hockey Championship: महाराष्ट्र में चल रही 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड महिला हॉकी टीम ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
सोमवार को अपने दूसरे मैच में झारखंड ने पंजाब को 3-1 के अंतर से पराजित कर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ ही झारखंड की टीम अपने पूल में टॉप पर रही।
दूसरे मैच में झारखंड की ओर से रजनी केरकेट्टा, पुष्पा डांग और सलोमी नाग ने 1-1 गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
पहले क्वार्टर के 7वें मिनट में पंजाब की टीम ने झारखंड के ऊपर एक शानदार फील्ड गोल कर बढ़त ले ली थी, परंतु झारखंड की खिलाड़ी इससे दबाव में नहीं आए और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 23वें मिनट में कप्तान रजनी केरकेट्टा के हाथों एक शानदार फील्ड गोल मैच में वापसी की।
उसके बाद 36वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर को पुष्पा डांग ने गोल में बदल कर अपने टीम को बढ़त दिला दी।
58वें मिनट में सलोमी नाग ने एक शानदार फील्ड गोल कर निर्णायक बढ़त ले ली।
इससे पूर्व अपने पहले मैच में झारखंड की टीम ने चंडीगढ़ को 6-0 से पराजित किया था।
टीम की डिफेंडर जिरेन सोय को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
झारखंड टीम क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करने पर हॉकी झारखंड और खेल विभाग के समस्त पदाधिकारियों ने टीम को बधाई और अगले मैचों के लिए शुभकामनाएं दी है।
