पतरातू में 7वें झारखंड स्टेट योगासन के प्रशिक्षण शिविर का आगाज, जज और कोच ले रहे हैं प्रशिक्षण

Jharkhand State Yogasana Training Camp: योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वावधान में तीन दिवसीय ‘7वें झारखंड स्टेट योगासन जजों एवं तृतीय कोचों का प्रशिक्षण कार्यक्रम 2026-2027’ का विधिवत शुभारंभ शुक्रवार को मिडवे रिसॉर्ट, पतरातू में हुआ। यह कार्यक्रम 20 मार्च से 22 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि और उद्यमी एवं समाजसेवी मृत्युंजय सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य झारखंड में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कुशल जज और कोच तैयार करना है, ताकि राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

उद्घाटन सत्र के दौरान संस्थान के सचिव चंदू शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रशांत सिंह और सह सचिव मलय डे के अलावा पदाधिकारी संतोषी साहू आर्य, प्रहलाद भगत, डॉ. एस. के. घोषाल, पूजा सिंह, अमित स्वर्णकार, शंकर राणा, दयानंद कुमार और राहुल रंजन मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

राज्य के 20 जिलों से पहुंचे प्रतिभागी

इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में झारखंड के 20 जिलों से कुल 79 प्रशिक्षु (जज और कोच) हिस्सा ले रहे हैं। इन प्रतिभागियों को योगासन खेल की बारीकियों, नए नियमों और तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया जा रहा है। कार्यक्रम में मंच संचालन डॉ. एस. के. घोषाल ने किया। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान गणेश वंदना के साथ रितेश और मोहित ने योगा का डेमोंसट्रेशन किया।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि 22 मार्च तक चलने वाले इस शिविर के समापन पर सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इससे झारखंड में योगासन को एक खेल के रूप में नई पहचान मिलेगी और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए एक मजबूत तकनीकी टीम तैयार होगी।