ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप में झारखंड का शानदार प्रदर्शन, 27 स्वर्ण के साथ झारखंड बना ओवरऑल चैंपियन

Karate Championship: रांची के हरिवंश ताना भगत इंडोर स्टेडियम में सिकोकई कराटे इंटरनेशनल झारखंड के तत्वावधान में आयोजित तीसरी सिकोकई ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों ने 27 स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का ख़िताब अपने नाम किया।

14 स्वर्ण पदकों के साथ बंगाल की टीम दूसरे स्थान पर और 11 स्वर्ण पदक के साथ ओडिशा की टीम तीसरे स्थान पर रही।

8 स्वर्ण पदक के साथ इंडियन आर्मी की टीम को चौथे स्थान पर संतोष करना पड़ा।

महिला वर्ग में चैंपियन का ख़िताब झारखंड की साक्षी ओझा ने जीता, वहीं पुरुष वर्ग में चैंपियन का ख़िताब इंडियन आर्मी के मोहन ने जीता।

अनुशासित टीम का ख़िताब पूर्वी सिंहभूम झारखंड के टीम को मिला।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, विशिष्ट अतिथि साउथ एशिया कराटे फेडरेशन एवं कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष हांशी भारत शर्मा और डिवाइन सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल रांची के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. देवनीस खेस ने विजेता खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि राज्य में प्रतिभा की कमी नहीं है, ज़रूरत है उसे निखारने की। इस प्रकार से राष्ट्रीय स्तर का मंच खिलाड़ियों को प्रदान करना उनकी प्रतिभा को और निखारने के समान है।

विशिष्ट अतिथि भारत शर्मा ने कहा कि राज्य का खेलगांव अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए उपयुक्त है।

प्रतियोगिता का संचालन विश्व कराटे महासंघ, एशियाई कराटे महासंघ और कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन के जजों और रेफ़रियों के द्वारा किया गया।

स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी

अभिराज सिंह, अश्विक सिंह, प्रिंस राज, लावण्या तिवारी, लक्ष्मी कुमारी, साहिल कुमार महतो, मिस्टी कुमारी, सुनिधि एंजेल इक्का, शाइनी सुमोना टोप्पो, आदित्य राज, आर्या सिंह, अनिमेष अग्रवाल, साक्षी ओझा, अदनान अंसारी, रोशनी उरांव, जयश्री नमाता, मोनिका नाथ, रीना बास्की, मोनिका नाथ, रीया मानकी, इमान सामल, सोनिया सिंह, पनमुनि हेम्ब्रम, मालती मार्डी, शिवम सहाय, प्रियांश जोय ठाकुर और आश्विक सिंह।