खेलो इंडिया में बेहतर खेल दिखाने वाले पेंचाक सिलाट मार्शल आर्ट खिलाड़ियों ने की राज्यपाल से मुलाकात

Pencak Silat martial art players met the Governor: झारखंड पेंचाक सिलाट संघ के तत्वावधान में प्रदेश महासचिव एवं संस्थापक डॉली कुमारी सिंह के नेतृत्व में राज्य के खिलाड़ियों ने महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार जी से मुलाकात की।

इस अवसर पर हाल ही में गुजरात के आनंद में आयोजित “खेलो इंडिया अस्मिता पेंचाक सिलाट लीग सब-जूनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

राज्यपाल ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इन बेटियों ने कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है, जो पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है।

इस दौरान राज्यपाल महोदय ने यह भी आश्वासन दिया कि पेंचाक सिलाट खेल को झारखंड सरकार से शीघ्र मान्यता दिलाने के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।

संघ की प्रदेश सचिव डॉली कुमारी सिंह ने महामहिम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह एवं प्रोत्साहन खिलाड़ियों के मनोबल को और ऊंचाई प्रदान करेगा।

सम्मानित होने वाली महिला खिलाड़ियों के नाम

पलक साहू- स्वर्ण पदक,

जानवी आलिया महतो- रजत पदक,

तेजस्विनी खाती- कांस्य पदक,

आस्था-  कांस्य पदक

विशाखा थापा- कांस्य पदक

कृपा राणा- कांस्य पदक

स्वेता कुमारी- कांस्य पदक

इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष किशोर मंत्री, चीफ टेक्निकल डायरेक्टर विजय कुमार लिम्बु और अंजन राणा उपस्थित रहे। कोच सूरज चिक बड़ाइक, अमृत मुंडा और सभी पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।