ट्रैक पर दौड़ी झारखंड की नई उड़ान, जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में चमके युवा सितारे

Junior Athletics Championship: झारखंड राज्य जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप संपन्न हो गयी।
इसमें राज्यभर से पहुंचे युवा एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया।

बोकारो के चंदनकियारी स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।

दो दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने कड़ी प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान अलग-अलग आयु वर्गों की स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।

इन खिलाड़ियों ने हासिल किए शीर्ष स्थान

महिला अंडर-20, 3000 मीटर दौड़ में चतरा की सोनम कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया।

रांची की मंजू कुमारी दूसरे और देवघर की मनाली सिंघा तीसरे स्थान पर रहीं।

पुरुष अंडर-20, 3000 मीटर दौड़ में हजारीबाग के दीपक कुमार महतो ने बाजी मारी।

गिरिडीह के लव रविदास ने दूसरा और देवनारायण सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया।

वहीं महिला अंडर-18, 1000 मीटर दौड़ में रामगढ़ की तनिषा कुमारी प्रथम रहीं।

धनबाद की किरण कुमारी ने द्वितीय और लातेहार की अनुपा उरांव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

पुरुष अंडर-18, 1000 मीटर दौड़ में जामताड़ा के संतोष कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया।

बोकारो के राहुल कुमार महतो दूसरे और पूर्वी सिंहभूम के निखिल कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

युवा प्रतिभाओं के लिए अहम मंच

झारखंड राज्य जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप राज्य के उभरते खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है।

ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा एथलीटों को राज्य के अलग-अलग जिलों से आने वाले खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलता है।

इससे उन्हें अपनी क्षमता और कमियों को समझने के साथ-साथ भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार करने का अनुभव भी मिलता है।

एथलेटिक्स को अक्सर ‘मदर ऑफ ऑल स्पोर्ट्स’ कहा जाता है।

झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे जिलों से लगातार सामने आ रही युवा प्रतिभाएं राज्य के खेल भविष्य की संभावनाओं को मजबूत कर रही हैं।

चैंपियनशिप का उद्देश्य जूनियर खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना है।

साथ ही प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

खेल मंत्री के निधन पर दो मिनट का मौन

कार्यक्रम के दौरान झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया गया।

खिलाड़ियों, पदाधिकारियों और उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

कार्यक्रम में झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सी.डी. सिंह, सचिव एस.के. पांडे, आशीष झा, अशोक महतो, धनबाद के जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, अनवर हुसैन, प्रभात रंजन तिवारी, गंगाधर प्रसाद, योगेश यादव, आशु भाटिया, विकास मोदक, आलोक सिंह, अनुभा खाखा, पुनीत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं खेल से जुड़े लोग उपस्थित रहे।