SIR को लेकर रांची में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक, BLO को दिए सख्त निर्देश

Vedtimes.com | रांची डेस्क

Meeting regarding SIR: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में SIR कार्यक्रम-2026 के तहत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संशोधित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।

बैठक में जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No Mapping और Anomalies वाले मतदाताओं के मामलों पर जानकारी

बैठक में बताया गया कि जिन मतदाताओं या नागरिकों को No Mapping एवं Anomalies के कारण नोटिस जारी किया गया है, उनके मामलों में संबंधित BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) उनके घर जाकर आवश्यक दस्तावेज एकत्र करेंगे।

इसके बाद दस्तावेजों को ECINet/BLO App पर अपलोड किया जाएगा, ताकि संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मामले पर निर्णय ले सकें।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे आम नागरिकों को नोटिस मिलने के बाद आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें।

बैठक में इस संबंध में विभागीय स्तर से जारी वीडियो भी प्रदर्शित कर प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

कार्यालय बुलाने की जरूरत नहीं

बैठक में स्पष्ट किया गया कि ऐसे मतदाताओं या नागरिकों को सुनवाई के लिए अनिवार्य रूप से निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय में बुलाने की आवश्यकता नहीं है।

केवल असाधारण परिस्थितियों में संबंधित अधिकारी उचित निर्णय लेते हुए ऑनलाइन माध्यम से संबंधित व्यक्ति की सुनवाई कर सकते हैं।

जरूरत पड़ने पर मतदाता अपने परिवार के किसी वयस्क सदस्य को सुनवाई में उपस्थित होने के लिए अधिकृत भी कर सकता है।

अनुशासनहीन BLO पर होगी नियमसंगत कार्रवाई

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अनुशासनहीनता करने वाले BLO के खिलाफ नियमसंगत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने सभी BLO को संबंधित BLA-2 के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक में SIR प्रक्रिया को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित करने और मतदाताओं से जुड़े मामलों में आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।