पीएम श्री बानपुर विद्यालय में मॉडल यूथ ग्राम सभा का आयोजन, विद्यार्थियों ने उठाई गांव की समस्याएं

Vedtimes.com | न्यूज़ डेस्क

Model Youth Gram Sabha: रांची जिले के 14 पीएम श्री विद्यालयों में आयोजित की जा रही मॉडल यूथ ग्राम सभा की कड़ी में पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बानपुर में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्राम सभा की प्रक्रिया, उसकी भूमिका और स्थानीय समस्याओं के समाधान में लोकतांत्रिक भागीदारी के महत्व से परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम मुखिया हिरदू उरांव सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान सोमरा उरांव एवं मुखिया हिरदू उरांव ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को ग्राम सभा की कार्यप्रणाली तथा गांव के विकास में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी।

इस दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय और गांव से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को भी मुखिया एवं ग्राम प्रधान के समक्ष रखा।

नाटक के जरिए उठीं गांव की समस्याएं

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत नाटक “अब मुखिया जी सुनेंगे” रहा।

विद्यार्थियों ने अपने अभिनय के माध्यम से गांव में नशे की समस्या, खेल मैदान में पशुओं को बांधे जाने, खराब स्ट्रीट लाइट सहित कई स्थानीय समस्याओं को प्रभावी ढंग से सामने रखा।

नाटक के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि स्थानीय समस्याओं को केवल शिकायत के रूप में देखने के बजाय उन्हें ग्राम सभा के मंच पर उठाकर सामूहिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

विद्यार्थियों के शानदार अभिनय और प्रस्तुति की ग्रामीणों एवं अतिथियों ने जमकर सराहना की।

अधिकारियों और सामाजिक संस्था के प्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में अनगड़ा प्रखंड के बीपीओ पंकज तिर्की ऑब्जर्वर के रूप में मौजूद रहे।

वहीं पिरामल फाउंडेशन के आकाश मिश्रा के अलावा पार्वती तिर्की, मीरा तिर्की एवं कर्मी टोप्पो भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कुंदन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

उन्होंने कहा कि गांव की समस्याओं को ग्राम सभा तक पहुंचाना जरूरी है और उनके समाधान के लिए ग्राम सभा एक महत्वपूर्ण मंच है।

उन्होंने ग्राम सभा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी अतिथियों का समय देने के लिए आभार जताया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में नोडल शिक्षक नवीन कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

मौके पर शिक्षक किरण कुमारी, विवेक कुमार, कुंज बिहारी महतो, स्मिता तिर्की, गंगाधर मुंडा, सारिका टोप्पो, गुंजन उरांव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं विद्यालय के विद्यार्थी मौजूद रहे।

मॉडल यूथ ग्राम सभा के जरिए विद्यार्थियों ने न केवल ग्राम सभा की प्रक्रिया को समझा, बल्कि अपने गांव की समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने और उनके समाधान में युवाओं की भूमिका का प्रभावी संदेश भी दिया।