Vedtimes.com | खेल डेस्क
Ranchi Press Club Vs CricJourno match: पत्रकार सिर्फ कलम और कैमरे के सिपाही नहीं होते।
मौका मिले तो मैदान पर बल्ले और गेंद से भी अपना जलवा दिखाना जानते हैं।
रांची के शाखा मैदान में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां रांची प्रेस क्लब और क्रिकजर्नो की टीमों के बीच खेले गए सद्भावना क्रिकेट मुकाबले में जमकर चौके-छक्के बरसे।
रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में रांची प्रेस क्लब ने आखिरी ओवर में 2 गेंद शेष रहते 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
रांची प्रेस क्लब की जीत के सबसे बड़े नायक रहे सलामी बल्लेबाज मोनू कुमार, जिन्होंने नाबाद 86 रनों की तूफानी पारी खेलकर क्रिकजर्नो के 174 रन के स्कोर को बौना साबित कर दिया।
वासुदेव की शानदार पारी से क्रिकजर्नो ने खड़ा किया मजबूत स्कोर
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी क्रिकजर्नो की टीम को सलामी बल्लेबाज राकेश सिंह और वासुदेव मिश्रा ने अच्छी शुरुआत दिलाई।
राकेश सिंह ने 14 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होने के बाद टीम को लगातार झटके लगे।
सुमित रॉय ने 5, अमित ने 2 और राजीव ने 1 रन का योगदान दिया और पैवेलियन लौट गये।
शुरुआती झटकों के बाद वासुदेव मिश्रा और वेद प्रकाश ने पारी को संभाला और महत्वपूर्ण साझेदारी की।
वासुदेव मिश्रा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 70 रन बनाए, जबकि वेद प्रकाश ने 31 रनों की उपयोगी पारी खेली।
इसके बाद सुशील सिंह मंटू ने 8 और अभिषेक ने 10 रन बनाकर टीम को निर्धारित 16 ओवर में 174 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
रांची प्रेस क्लब की ओर से समीर सृजन और संतोष ने 2-2 विकेट हासिल किए।
अशोक गोप, कुबेर सिंह, अमित और राजेश कृष्णा ने भी गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया।
मोनू कुमार ने पलट दिया पूरा मुकाबला
175 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रांची प्रेस क्लब की टीम ने शुरुआत में धैर्य दिखाया।
सलामी बल्लेबाज मोनू कुमार और बिपिन उपाध्याय ने टीम को अच्छी शुरुआत दी।
बिपिन 18 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद विक्की पासवान और अमित सिंह भी जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गए।
विक्की ने 4 और अमित ने 1 रन बनाया।
3 विकेट गिरने के बाद निर्भय कुमार क्रीज पर आए और उन्होंने मोनू कुमार का शानदार साथ दिया।
दोनों ने मिलकर रन गति को बनाए रखा और जीत की नींव मजबूत की।
निर्भय ने शानदार 30 रन बनाए, लेकिन बाद में रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए।
इसके बाद अशोक गोप और मोनू कुमार ने मोर्चा संभाला और टीम को लक्ष्य के पार पहुंचा दिया।
86 रनों की विस्फोटक पारी, मोनू बने मैच के हीरो
रांची प्रेस क्लब की जीत में सबसे बड़ा योगदान मोनू कुमार का रहा।
उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 86 रन बनाए।
अपनी पारी के दौरान मोनू ने 6 चौके और 3 छक्के लगाए।
उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह रांची प्रेस क्लब की ओर मोड़ दिया।
एक छोर से विकेट गिरने के बावजूद मोनू ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया और अंत तक टीम को जीत की ओर ले गए।
क्रिकजर्नो की ओर से राकेश सिंह, शिव और अभिषेक ने 1-1 विकेट हासिल किया। दिलीप सिंह, अमित, सुमित रॉय और वासुदेव ने भी गेंद से प्रभावी प्रदर्शन किया।
मोनू को शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया जबकि वासुदेव मिश्रा को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
सद्भावना के साथ क्रिकेट का रोमांच
मुकाबले का सबसे खास पहलू यह रहा कि मैदान पर खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
लेकिन पूरे मैच में खेल भावना और आपसी सौहार्द का माहौल बना रहा।
पत्रकारिता की दुनिया में खबरों के लिए दिन-रात सक्रिय रहने वाले खिलाड़ियों ने इस मुकाबले के जरिए यह भी दिखाया कि उनके भीतर क्रिकेट का जुनून भी कम नहीं है।
