National Rapid and Blitz Chess Championship: झारखंड राज्य शतरंज संघ की तरफ से आयोजित तीन दिवसीय नेशनल रैपिड एंड ब्लिट्ज चेस चैंपियनशिप 2025-26 का समापन हो गया।
तमिलनाडु और महाराष्ट्र का रहा दबदबा
रैपिड कैटेगरी में रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के अरण्यक घोष, तमिलनाडु के कार्तिकेयन मुरली और हरि माधवन क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को 75 हज़ार रुपये से पांच हजार रु. तक की राशि से पुरस्कृत किया गया।
सरला बिरला विश्वविद्यालय, रांची के सभागार में आयोजित टूर्नामेंट की ब्लिट्ज कैटेगरी में महाराष्ट्र के पुराणिक अभिमन्यु, रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सायंतन दास और तमिलनाडु के हरि माधवन को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इस कैटेगरी में विजेताओं को 50,000 रु. से लेकर पांच हजार रु तक की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
प्रतियोगिता के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुति से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। सरला बिरला विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रोफेसर गोपाल पाठक और कुलपति प्रोफेसर सी. जगनाथन ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी।
प्रतियोगिता के दौरान रांची जिला शतरंज संघ तथा ऑर्गेनाइजिंग कमेटी की चेयरपर्सन ऋचा संचिता, सचिव नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, उपाध्यक्ष मिथिलेश पांडे, आशीष साहू, सुनील कालरा, मृदुल कुमार, दीपक कुमार और प्रभात कुमार सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
मौके पर प्रेस क्लब रांची के अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी, सचिव अभिषेक सिन्हा, आजाद सिपाही के संपादक राकेश कुमार और वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट पिंटू दुबे भी मौजूद रहे।
इस आयोजन के लिए आयोजन समिति समेत समस्त प्रतिभागियों को राज्य शतरंज संघ के संरक्षक और राज्यसभा सांसद डॉक्टर प्रदीप वर्मा ने शुभकामनायें दी।
