Ranchi district administration alert for Ram Navami: रामनवमी पर्व की तैयारियों और शांति व्यवस्था को लेकर उपायुक्त-सह- जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री से महावीर मंडल एवं रामनवमी श्रृंगार समिति के सदस्यों ने मुलाकात की। इस दौरान आगामी रामनवमी पर्व को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिला प्रशासन पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा
प्रतिनिधिमंडल ने पर्व के दौरान शहर में निकलने वाली विभिन्न शोभा यात्राओं, झांकी प्रदर्शन, झंडा-पूजन, महाआरती एवं अन्य धार्मिक आयोजनों की रूपरेखा से उपायुक्त को अवगत कराया। साथ ही, शहर के विभिन्न इलाकों में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने, ट्रैफिक व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक सहयोग एवं समन्वय की अपील की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों ने पर्व को भव्य एवं सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने की इच्छा जताई।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व राँची शहर की सांस्कृतिक धरोहर एवं सामाजिक एकता का प्रतीक हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।
उपायुक्त का कई बिंदुओं पर जोर
– सभी शोभायात्राओं एवं आयोजनों के मार्ग, समय एवं संख्या की पूर्व सूचना संबंधित थाना एवं अनुमंडल पदाधिकारी को उपलब्ध कराई जाए।
– केंद्रीय शांति समिति एवं स्थानीय शांति समितियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया जाए।
– विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक एवं अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा।
– किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने हेतु पूर्व में ही संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक बल तैनात किया जाएगा।
– सभी पक्षों से अपील की गई कि पर्व का उत्सव उत्साहपूर्ण हो, किंतु किसी भी प्रकार की उत्तेजक टिप्पणी, ध्वनि प्रदूषण या नियमों का उल्लंघन न हो।
उपायुक्त से मुलाकात करने वालों में महावीर मंडल रांची के नव निर्वाचित अध्यक्ष सागर वर्मा, जय सिंह यादव, सागर कुमार, उदय रविदास, मयंक गिरी, बबलू यादव, नीलेश यादव, शंकर सिन्हा, अजय वर्मा, रिंकू वर्मा, रविंदर वर्मा के साथ महावीर मंडल एवं रामनवमी श्रृंगार समिति के सदस्य मौजूद थे।
