झारखंड के कई जिलों में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस, हॉकी की जिला इकाईयों ने किया कार्यक्रमों का आयोजन

Hockey Jharkhand: खेलेगा भारत, जीतेगा भारत की थीम पर पूरे झारखंड में राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई।

हॉकी इंडिया के निर्देश एवं हॉकी झारखंड के मार्गदर्शन में झारखंड के विभिन्न जिला हॉकी इकाइयों द्वारा अपने-अपने जिलों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान मेजर ध्यानचंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर भारतीय हॉकी में उनके अमूल्य योगदान और उपलब्धियों को याद किया गया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सिमडेगा, गुमला, खूंटी, हजारीबाग, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, गोड्डा और देवघर सहित झारखंड के विभिन्न जिलों में हॉकी प्रतियोगिताओं, मैत्रीपूर्ण मुकाबलों एवं अन्य खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया।

सिमडेगा में हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन

हॉकी की नर्सरी के रूप में प्रसिद्ध सिमडेगा जिले में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

इस प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष वर्ग की कुल 58 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे पूरे जिले में हॉकी का उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।

इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में हॉकी खिलाड़ी, प्रशिक्षक, पदाधिकारी, खेल प्रेमी एवं युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कई जिलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।

हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाना तथा हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी के आदर्शों, अनुशासन और खेल भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

झारखंड में हॉकी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए जिला हॉकी इकाइयां लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पूरे झारखंड में हॉकी, खेल भावना और फिटनेस का उत्सव देखने को मिला।

यह आयोजन युवाओं को खेलों से जुड़ने और देश के लिए बेहतर खिलाड़ी तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।