National Sub Junior Women’s Hockey Championship: 16वें हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 में गुरूवार को A डिवीजन के 4 क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए।
इनमें झारखंड, ओडिशा, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश की टीम ने जीत के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
रांची के मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम इन दिनों युवा खिलाड़ियों से गुलजार है।
हॉकी इंडिया, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग झारखंड सरकार एवं हॉकी झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में यहां 16वां हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप चल रहा है।
1 अप्रैल से आयोजित इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 12 अप्रैल को खेला जायेगा।
गुरूवार को इस प्रतियोगिता में A डिवीजन के चारों क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए।
झारखंड ने पंजाब को हराया
पहले मुकाबले में मेजबान झारखंड ने पंजाब को 2-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
विजेता झारखंड टीम की ओर से पुष्पा मांझी और संदीपा कुमारी ने 1-1 गोल दागा।
झारखंड की सुगन सांगा को बेहतरीन खेल के लिए बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
ओडिशा ने महाराष्ट्र को रौंदा
दूसरे मुकाबले में ओडिशा ने महाराष्ट्र को 8-1 गोल के अंतर से पराजित कर दिया।
विजेता टीम की ओर से प्रिंयका मिंज ने 4 गोल, प्रिंसेस प्रिया एक्का ने 2 गोल, किरण एक्का और स्वीटी कुजूर ने 1-1 गोल दागा।
महाराष्ट्र की ओर से एकमात्र गोल अरवी रावत ने किया।
मध्यप्रदेश मस्त, मिजोरम पस्त
तीसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मध्यप्रदेश ने मिजोरम को 5-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
विजेता टीम की ओर से नौशीन नाज ने 3 गोल, किरण एक्का और स्वीटी कुजूर ने 1-1 गोल दागा।
मिजोरम की ओर से एकमात्र गोल लाल डीन पुई ने किया।
उत्तरप्रदेश ने हरियाणा को शिकस्त दी
चौथे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उत्तरप्रदेश ने हरियाणा को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल का रास्ता तय किया।
विजेता टीम की ओर से अर्किता कुमारी और राशि सिंह ने 1-1 गोल दागा।
हरियाणा की तरफ से राधिका ने 1 गोल किया।
शुक्रवार को सेमीफाइनल मुकाबला
सेमीफाइनल मुकाबले में झारखंड की टीम उत्तरप्रदेश से भिड़ेगी।
दूसरे सेमीफाइनल में मध्यप्रदेश और ओडिशा का आमना-सामना होगा।
झारखंड टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड और खेल विभाग के समस्त पदाधिकारियों ने बधाई दी है।
