ईशान की पारी पर भारी पड़े पडिक्कल और विराट, आसानी से 202 रनों का लक्ष्य हासिल किया

RCB vs SRH

IPL 2026, RCB wins over SRH: गत विजेता बेंगलुरू की टीम ने आईपीएल 2026 में शानदार आगाज किया। ईशान किशन की कप्तानी वाली हैदराबाद की टीम को उद्घाटन मैच में करारी हार झेलनी पड़ी।

बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम पर बल्लेबाजों का तूफान देखने को मिला। तूफान ऐसा कि 202 रनों का लक्ष्य भी बौना साबित हुआ।

देवदत पडिक्कल और रजत पाटीदार की तूफानी पारी के साथ ही विराट कोहली के नाबाद अर्धशतक ने मैच को आसानी से RCB के पक्ष में कर लिया।

हैदराबाद को 6 विकेट से हराकर बेंगलुरू ने दिखा दिया कि वो ट्रॉफी डिफेंड करने के लिए मैदान पर उतरी है।

हालांकि 202 रनों का पीछा करने उतरी बेंगलुरू की टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज सॉल्ट महज 9 रनों पर ही आउट हो गये।

लेकिन इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी का नज़ारा पेश किया।

पडिक्कल ने महज 26 गेंदों पर 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 61 रनों की पारी खेली।

पडिक्कल के आउट होने के बाद कप्तान रजत पाटीदार आये। उन्होंने आते ही धमाकेदार तरीके से 12 गेंदों पर 31 रन बनाकर लक्ष्य को नजदीक पहुंचाया।

पाटीदार के बाद जितेश शर्मा बल्लेबाजी करने आये, लेकिन वो पहली ही गेंद पर आउट हो गये।

इसके बाद टिम डेविड ने विराट कोहली का साथ दिया और दोनों नाबाद रहते हुए मैच अपने नाम कर लिया।

विराट कोहली ने 38 गेंदों पर 5 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 69 रन बनाये।

हैदराबाद की पारी को ईशान ने संभाला

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की शुरूआत खराब रही।

ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा और नीतीश रेड्डी सस्ते में पैवेलियन लौट गये। 29 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद कप्तान ईशान किशन, हेनरी क्लासेन और अनिकेत वर्मा की पारी ने टीम को संभाला और 201 रन बनाने में सफल रही।

ईशान किशन ने सबसे ज़्यादा 38 गेंदों पर 8 चौके और 5 छक्कों की मदद से 80 रन बनाये। हेनरी क्लासेन ने 22 गेंदों पर 31 और अनिकेत वर्मा ने सिर्फ 18 गेंदों पर 43 रनों की पारी खेली।