Rajyasabha Election in Bihar: बिहार से खाली हो रही पांच राज्यसभा की सीटों के लिए बीजेपी ने 2 के नाम की घोषणा कर दी है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Navin) और शिवेश कुमार (Shivesh Ram) की उम्मीदवारी पर बीजेपी ने मुहर लगा दी है।
कौन हैं नितिन नवीन?
नितिन नवीन को सियासत विरासत में मिली है। उनके पिता स्वर्गीय नवीन किशोर सिन्हा बिहार में कद्दावर विधायक रह चुके हैं। उन्हीं की विरासत को आगे बढ़ाते हुए नितिन नवीन अभी बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पहले वे बिहार के कैबिनेट मंत्री भी थे। अगर वे राज्यसभा सांसद बन जायेंगे तो विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना होगा।
कौन हैं शिवेश कुमार?
शिवेश कुमार को भी सियासत विरासत में मिली है। उनके पिता पूर्व आईएएस अधिकारी और पूर्व केन्द्रीय मंत्री मुनीलाल हैं। 2010 में पहली बार भोजपुर जिले की अगियांव सीट से विधायक बने। 2024 में सासाराम से लोकसभा चुनाव लड़ा लेकिन चुनाव हार गये।
अमिताभ चौधरी के बेहद करीबी रहे हैं शिवेश
शिवेश कुमार रांची विश्वविद्यालय से इतिहास में स्नातक की शिक्षा ले चुके हैं। वे JSCA के आजीवन सदस्य हैं। शिवेश जेएससीए के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय अमिताभ चौधरी के बेहद करीबी माने जाते रहे। वे बिहार बीजेपी के इतिहास में राज्यसभा में जाने वाले दूसरा दलित चेहरा होंगे। इससे पहले कामेश्वर पासवान को राज्यसभा भेजा गया था।
नीतीश कुमार के बेटे निशांत की चर्चा
बिहार में खाली हो रही पांच सीटों में दो जेडीयू की सीटें भी हैं। चर्चा है कि जेडीयू की तरफ से सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को राज्यसभा भेजा जायेगा।
बिहार में एनडीए पांचों सीट जीतने का दावा कर रही है। हालांकि 4 सीट तो एनडीए कोटे से कन्फर्म जीतने वाला है लेकिन एक सीट के लिए 3 विधायकों का वोट घटेगा। महागठबंधन के पास 41 विधायक हैं और आरजेडी की तरफ से एक उम्मीदवार देने की उम्मीद है।
