DAV National Sports Cluster Athletics Meet: डीएवी पब्लिक स्कूल, गांधीनगर रांची के तत्वावधान में आयोजित डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स 2026-27 के अंतर्गत क्लस्टर एथलीट मीट का शानदार आगाज हुआ।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जेएससीए, रांची के वाइस चेयरमैन संजय पांडेय तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में संजय ठाकुर, चेयरमैन विद्यालय प्रबंधन समिति डीएवी गांधीनगर मौजूद रहे।
इस मौके पर मुख्य अतिथि संजय पांडेय ने कहा कि विद्यालयी स्तर पर आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करती हैं और उन्हें भविष्य में उत्कृष्ट खिलाड़ी बनने की प्रेरणा देती हैं।
वहीं संजय ठाकुर ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, दृढ़ संकल्प एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने सभी अतिथियों, टीम प्रबंधकों, प्रशिक्षकों एवं विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन की संस्कृति को बढ़ावा देना है।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सैकड़ों बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया
लंबी कूद में डीएवी पतरातु के आदित्य कुमार, डीएवी खलारी के प्रतीक धान और निरजा सहाय डीएवी के शिवम कुमार नायक ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया।
ट्रिपल जंप में नीरजा सहाय डीएवी के अली नवाज, शिवम और करण ने बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
शॉटपुट में डीएवी पतरातू के उज्ज्वल कुमार, डीएवी भरेचनगर के यश जयसवाल और डीएवी गांधीनगर के वैभव जयसवाल ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया।
शॉटपुट के बालिका वर्ग में डीएवी गांधीनगर की आयशा फिरदोस, डीएवी खलारी की आर्या वत्स तथा अनी अंजनी मुंडा ने पहला स्थान प्राप्त किया।
1500 मी. दौड़ के बालक वर्ग में डीएवी आनंद स्वामी के उत्कर्ष उरांव, डीएवी पतरातु के यीशु कुमार और निरजा सहाय डीएवी के हर्षित कुमार महतो ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसी स्पर्धा के बालिका वर्ग में निरजा सहाय डीएवी की अर्पिता प्रिया, रितिका रानी और गांधीनगर की पूजा कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
4×400 मी. में निरजा सहाय डीएवी के ओम मुंडा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मी. बालक वर्ग में डीएवी पतरातू के युवराज कुमार गिरी, डीएवी निरजा सहाय के पलन कुमार और गुंजन मुंडा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
800 मी. दौड़ में डीएवी गांधीनगर की शमायरा हाशमी और पूजा कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
