Ranchi DC Janta Darbar: रांची में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री का जनता दरबार लगा।
इस दरबार में जिले भर से लोग अपनी समस्या लेकर पहुंचे।
उपायुक्त ने सभी की समस्या पर गौर किया और उसके समाधान की पहल की।
शिकायतकर्ता से दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं- डीसी
जनता दरबार में एक आवेदक द्वारा शिकायत की गयी कि अंचल कार्यालय का एक कर्मचारी उसके साथ दुर्व्यवहार करता है।
इस पर उपायुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि आम जनता की शिकायतों का ससमय एवं संवेदनशीलता के साथ निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी मामले में अग्रेतर कार्रवाई की आवश्यकता हो तो उसकी जानकारी भी आवेदक को अवश्य दी जाए।
इस दौरान उपायुक्त ने सख्त चेतावनी दिया कि आवेदन लेकर कार्यालय आने वाले लोगों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याएं सुनी गयीं
उपायुक्त द्वारा सुदूर ग्रामीण इलाकों से आये लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर पहले सुना गया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि विवाद, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड एवं पेयजल जैसी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
जनता दरबार में राजस्व से जुड़े अधिकांश मामले सामने आये।
पंजी-2 सुधार, लगान रसीद निर्गत करने, भूमि माफियाओं द्वारा अवैध कब्जा एवं जमीन से संबंधित अन्य शिकायतों पर उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारियों एवं राजस्व कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिया कि लंबित राजस्व मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा आम लोगों को कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े।
उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
