रांची जिला पेंचक सिलाट प्रतियोगिता का आयोजन, करीब 170 बच्चों ने किया अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन

Penchak Silat Competition: रांची के मोराबादी इंडोर स्टेडियम में द्वितीय रांची जिला पेंचक सिलाट चैम्पियनशिप का भव्य आयोजन हुआ।

रांची जिला पेंचक सिलाट एसोसिएशन के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में करीब 170 बच्चों ने हिस्सा लिया।

इस दौरान टांडिंग, तुंग्गल, गंडा, रेगु और सोलो इवेंट्स में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ने की आयोजन की सराहना

इस अवसर पर झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि पेंचक सिलाट जैसे खेल आत्मरक्षा, एकाग्रता एवं अनुशासन का उत्कृष्ट माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को आत्मरक्षा की तकनीक आनी चाहिए, जो इस खेल के माध्यम से संभव है।

यह खेल शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है।

मुख्य अतिथि ने आश्वस्त किया कि इस खेल के प्रचार-प्रसार हेतु वे सरकार से वार्ता करेंगे और इसे गांव-गांव तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे।

साथ ही एसोसिएशन के लिए स्वयं का भवन उपलब्ध कराने के प्रयास का भी उन्होंने जिक्र किया।

खिलाड़ियों ने किया नाम रोशन

रांची जिला पेंचक सिलाट एसोसिएशन के अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि अब झारखंड के बच्चे इस खेल में भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि एसोसिएशन के खिलाड़ियों ने गुजरात के आनंद में आयोजित नेशनल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 खिलाड़ियों ने कांस्य (ब्रॉन्ज), 1 खिलाड़ी ने स्वर्ण (गोल्ड) एवं 1 खिलाड़ी ने रजत (सिल्वर) पदक प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन किया है।

कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन की सचिव डॉली सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए चैंबर ऑफ कॉमर्स से अनुरोध किया कि खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने हेतु आवागमन में सरकारी सहयोग दिलाने में मदद करें।

उन्होंने प्रशिक्षकों को भी आवश्यक सहयोग प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर अंजन थापा, सूरज कुमार, सुजीत कुमार, राजू मुंडा, एसोसिएशन के पदाधिकारी, प्रशिक्षक किरण सिंह, अब्दुल कादिर, अमित पाठक, प्रशिक्षक विजय कुमार लिंबू एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी बच्चों के अभिभावक उपस्थित थे।