Ranchi Cricket: रांची में साई क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित साई प्रीमियर लीग (SPL) का खिला साई नारकोस ने जीत लिया है।
फाइनल मुकाबले में साई नारकोस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साई पाइरेट्स को 10 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबला मोराबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क मैदान में खेला गया।
मैच के दौरान रांची विश्वविद्यालय के क्रिकेट कोच चंचल भट्टाचार्य मौजूद रहे।
उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम और खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
इस दौरान हेमंत राय, दिलीप कुमार और कोच मणिक चंद्र घोष भी मौजूद रहे।
समीर-युवराज-हर्ष की घातक गेंदबाजी
टॉस जीतकर साई पाइरेट्स ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
यह फैसला तब गलत साबित हुए जब पूरी टीम 18 ओवर में 91 रन पर सिमट गई।
पाइरेट्स की ओर से धीरज कुमार ने सर्वाधिक 26 रन बनाए, जबकि कार्तिक कुमार महतो ने 15 रनों का योगदान दिया।
साई नारकोस की ओर से समीर अंसारी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 18 रन देकर 3 विकेट झटके।
युवराज और हर्ष ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि पिंटू और सूर्यांश को 1-1 सफलता मिली।
अभिषेक और हर्ष की आक्रामक बल्लेबाजी
92 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साई नारकोस की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी की।
नारकोस ने बिना कोई विकेट खोए 13 ओवर में ही 94 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।
विजेता टीम की ओर से अभिषेक कुमार ने नाबाद 49 रन और हर्ष ने नाबाद 41 रन की शानदार पारी खेली।
दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी और टीम को आसान जीत दिलाई।
फाइनल मुकाबले में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हर्ष स्वासी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं, पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द टूर्नामेंट का भी पुरस्कार दिया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में अभिषेक कुमार को बेस्ट बल्लेबाज, समीर अंसारी को बेस्ट गेंदबाज, अवरन सिंह को बेस्ट विकेटकीपर, पिंटू कुमार को बेस्ट फील्डर और केशव तिवारी को इमर्जिंग प्लेयर का पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने साई क्रिकेट अकादमी की सराहना की।
