जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप में रजत पदक विजेता झारखंड टीम के कई खिलाड़ी पहुंचे सिमडेगा, हॉकी संघ ने किया स्वागत

Hockey Simdega: महाराष्ट्र में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।

पदक जीतने के बाद झारखंड की टीम के खिलाड़ी अपने राज्य लौटे।

टीम में सिमडेगा जिले की कई खिलाड़ी भी शामिल थीं।

पुणे से सिमडेगा पहुंचने पर रजत पदक विजेता खिलाड़ियों का हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेलप्रेमियों ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में भव्य स्वागत किया।

खिलाड़ियों के स्टेडियम पहुंचते ही उन्हें बुके देकर सम्मानित किया गया।

इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार हाथ धुलाकर एवं तिलक लगाकर उनका स्वागत किया गया तथा मिठाई खिलाकर रजत पदक जीतने की बधाई दी गई।

टीम की खिलाड़ी और मैनेजर रहे उपस्थित

स्वागत समारोह में झारखंड रजत पदक विजेता टीम की मैनेजर दिव्या डुंगडुंग के साथ सिमडेगा की खिलाड़ी रीना कुल्लू, अनीशा कुल्लू, एस्टर होरो, सोनाली तिर्की, अनुप्रिया सोरेंग और जमुना कुमारी मुख्य रूप से उपस्थित थीं।

इस अवसर पर हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि झारखंड की पूरी टीम ने इस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में झारखंड की टीम निर्णायक क्षणों में दबाव में आ जाती थी और अंतिम समय में गोल खा जाती थी, लेकिन इस बार टीम ने अपने खेल में काफी परिपक्वता दिखाई।

स्वागत समारोह में हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारी पैंक्रेसियस टोप्पो, कमलेश्वर मांझी, इन सभी खिलाड़ियों की कोच तारिणी कुमारी, रोहित बेसरा, प्रवीण परवार सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेलप्रेमी उपस्थित थे.