UP T20 League: यूपी टी20 लीग में मेरठ मेवरिक्स का विजय अभियान रुकने का नाम नहीं ले रहा है।
टीम ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में कानपुर सुपरस्टार्स को 19 रन से हराकर टूर्नामेंट में लगातार सातवीं जीत दर्ज की।
इस जीत में कप्तान रिंकू सिंह की विस्फोटक बल्लेबाजी और गेंदबाज जीशान अंसारी की शानदार गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई।
सिर्फ 10 गेंदों में 30 रन, स्ट्राइक रेट 300
भारी बारिश के कारण मुकाबला महज 5-5 ओवर का कर दिया गया था।
ऐसे में मेरठ को हर गेंद का अधिकतम फायदा उठाना था।
कप्तान रिंकू सिंह ने आते ही अपना आक्रामक अंदाज दिखाया।
रिंकू ने सिर्फ 10 गेंदों में 30 रन बनाए।
उनकी पारी में 4 छक्के शामिल रहे और उनका स्ट्राइक रेट 300 रहा।
हालांकि उन्हें अनुभवी लेग स्पिनर कर्ण शर्मा ने आउट किया, लेकिन तब तक रिंकू मेरठ को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अपना काम कर चुके थे।
रिंकू के अलावा दिव्यांश जोशी ने महज 7 गेंदों पर नाबाद 22 रन बनाए, जबकि रितुराज शर्मा ने 4 गेंदों में 16 रन ठोके।
दिव्यांश राजपूत ने भी 4 गेंदों पर नाबाद 14 रन बनाकर मेरठ का स्कोर 5 ओवर में 96/3 तक पहुंचा दिया।
5 ओवर में 97 रनों का लक्ष्य, कानपुर की शुरुआत तेज
97 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स की शुरुआत भी तेज रही।
आदर्श सिंह ने केवल 8 गेंदों में 28 रन बनाए, जबकि कप्तान समीर रिजवी ने 13 गेंदों में 22 रन जोड़े।
लेकिन मेरठ की गेंदबाजी ने आखिरी दो ओवरों में मुकाबले का रुख पलट दिया।
जीशान अंसारी ने 2 ओवर में सिर्फ 12 रन देकर 3 विकेट झटके।
उनके इस स्पेल ने कानपुर की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
कानपुर की टीम 5 ओवर में 3 विकेट खोकर 77 रन ही बना सकी और मेरठ ने मुकाबला 19 रन से अपने नाम कर लिया।
जीशान अंसारी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
रिंकू की आतिशी बल्लेबाजी और मेरठ का दबदबा
कानपुर के खिलाफ जीत मेरठ की लगातार सातवीं जीत थी।
टीम इससे पहले भी टूर्नामेंट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर चुकी है और अब उसकी नजर खिताब की ओर बढ़ने पर होगी।
इस मुकाबले का एक भावुक पहलू भी रहा।
कानपुर की ओर से खेलने वाले अनुभवी लेग स्पिनर कर्ण शर्मा ने अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच खेला।
उन्होंने अपने अंतिम मुकाबले में रिंकू सिंह का विकेट भी हासिल किया।
मैच से पहले खिलाड़ियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया और उन्हें विशेष स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
