FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप में स्पेन ने बेल्जियम का सपना तोड़ सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
रोमांचक मुकाबले में बेल्जियम की 2-1 से हार हुई।
सेमीफाइनल में स्पेन का मुकाबला गत उपविजेता फ्रांस से होगा।
वर्ल्ड कप 2026 में स्पेन ने खाया पहला गोल
खेल की शुरूआत से स्पेन ने आक्रामक रूख अख्तियार कर लिया था।
दोनों टीमें एक दूसरे के गोल पोस्ट तक पहुंचने का भरपूर प्रयास करते रहे।
मैच के 30वें मिनट में स्पेन ने पहला गोल कर 1-0 की बढ़त ले ली।
स्पेन के डैनी ओल्मो ने गेंद को गोल पोस्ट की ओर बॉक्स में मारा लेकिन उसे बेल्जियम के गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ ने रोक लिया।
गेंद गोलकीपर से हाथों से फिसलकर रिबाउंड हुई और फैबियन रुइज ने मौका नहीं गंवाते हुए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया।
इस गोल के बाद बेल्जियम के खिलाड़ी आक्रामक हो गये और महज 11 मिनट बाद ही मैच के 41वें मिनट में गोल दागकर स्कोर को 1-1 की बराबरी पर ला दिया।
टिमोथी कास्टेग्ने के शानदार पास पर चार्ल्स डी केटेलेयर ने हेडर के जरिये यह गोल दागा।
इसी गोल के साथ स्पेन ने इस वर्ल्ड कप में पहला गोल खाया।
मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर आ गया था तभी बेल्जियम के गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गये।
उनकी जगह सब्स्टीट्यूट गोलकीपर सेने लैमेंस मैदान पर आये।
मैच आखिरी मिनट तक पहुंच चुका था और दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं।
निर्धारित 90 मिनट के ठीक 2 मिनट पहले स्पेन के मिकेल मेरिनो ने गोल दागकर मैच में 2-1 की विजयी बढ़त बना ली।
पाउ क्यूबार्सी के शॉट को बेल्जियम के गोलकीपर सेने लैमेंस रोक नहीं पाये और गेंद उनके हाथों से छूट गयी।
इसका फायदा उठाते हुए मेरिनो ने उसे गोल में बदल दिया।
इसी के साथ स्पेन ने मुकाबले को 2-1 से जीत लिया।
