विवादों के बीच श्रीलंका ए ने इंडिया ए को हराया, कप्तान तिलक के बाद वैभव को भी आया गुस्सा, सुपर ओवर में फेल हुए वैभव और शेडगे

Sri Lanka A defeated India A: श्रीलंका में चल रहे ट्राई नेशन सीरीज में श्रीलंका ए ने इंडिया ए को हरा दिया।

इंडिया ए की ये लगातार दूसरी हार है।

सुपर ओवर में हुई हार

सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ए ने 16 रन बनाये।

कप्तान सहान अराचिंगे ने 6 और अविष्का फर्नांडो ने 7 रनों का योगदान दिया।

3 अतिरिक्त रन ने स्कोर को 16 कर दिया।

17 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ए की टीम 10 रन ही बना सकी।

सूर्यांश शेडगे ने 3 और वैभव सूर्यवंशी ने 6 रन बनाये।

श्रीलंका ए की गेंदबाजी के सामने पस्त हुए बल्लेबाज

सुपर ओवर से पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया ए 265 रन पर ऑल आउट हो गयी।

प्रभसिमरन (11) और वैभव सूर्यवंशी (21) का खराब फॉर्म जारी रहा।

इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा ने पारी संभालने की कोशिश की लेकिन 111 रन तक ये दोनों बल्लेबाज भी पैवेलियन लौट गये।

एक समय भारत के 32.1 ओवर में 143 रन पर 7 विकेट गिर चुके थे।

ऐसा लग रहा था कि पूरी टीम 160 से 170 रनों के बीच सिमट जायेगी।

यहां से विप्रज निगम और सूर्यांश शेडगे ने इंडिया ए को संकट से उबारा।

दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हुई और भारत की टीम एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी।

सूर्यांश शेडगे ने सबसे ज़्यादा 72 रन बनाये, वहीं विप्रज निगम ने 51 रनों का योगदान दिया।

श्रीलंका ए की तरफ से विजयाकांत और मोहम्मद सिराज ने 3-3 विकेट लिये।

सहान अराचिंगे, कुगाथस मथुलन और वनुजा सहान ने 1-1 विकेट झटका।

श्रीलंका ए ने गेम को सुपर ओवर तक पहुंचाया

266 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 265 रन बनाये।

श्रीलंका ए ने मजबूत शुरूआत करते हुए 4.5 ओवर में ही 56 रन जोड़ दिये।

निरोशन डिकवेला 37 और अविष्का फर्नांडो 22 रन बनाकर आउट हुए।

श्रीलंका ए की तरफ से सबसे ज़्यादा सदीरा समरविक्रमा ने 93 रनों का योगदान दिया।

इंडिया ए की तरफ से आयुष बडोनी ने 2 विकेट लिये, जबकि अरशद खान, निशांत सिंधू, विप्रज निगम, अनुकूल रॉय और सूर्यांश शेडगे ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

विवादों में घिरा सुपर ओवर का निर्णय

दोनों टीमों का स्कोर बराबर होने के बाद अंपायर ने मैच टाई की घोषणा की।

इसके बाद इंडिया ए के कप्तान तिलक वर्मा अंपायर के साथ बहस करते नज़र आये।

खराब रोशनी के बीच अंपायर सुपर ओवर कराने को राजी नहीं थे लेकिन काफी देर तक बातचीत के बाद अंपायर इसके लिए तैयार हुए।

तिलक वर्मा मैच टाई होने के दौरान आखिरी रन को लेकर भी सहमत नहीं थे।

जब वैभव सूर्यवंशी को आया गुस्सा

सुपर ओवर में हार के बाद वैभव सूर्यवंशी वापस पैवेलियन लौट रहे थे।

इसी दौरान श्रीलंका के खिलाड़ियों से उनकी तीखी बहस हुई।

इस दौरान फिजिकल टच भी होता नज़र आया और वैभव काफी गुस्से में कुछ बोलते हुए मैदान से बाहर जाते दिखे।