शादी का निमंत्रण भेजकर ठगी करने वाले गिरोह से सावधान, कहीं आपके मोबाइल पर भी ये मैसेज तो नहीं आया

A new method of cyber fraud: मोबाइल पर कॉल कर या लिंक भेजकर ठगी करने का मामला अक्सर सामने आता है।

स्पैम मैसेज के जरिये साइबर ठग अक्सर बैंक अकाउंट खाली करने, लॉटरी का लालच देने, बिजली बिल, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड ब्लॉक होने का डर दिखाकर लोगों को ठगते हैं।

वे मैसेज में लुभावना ऑफर या फर्जी लिंक भेजते हैं, जिस पर क्लिक करते ही फोन हैक हो जाता है और आपकी बैंक से जुड़ी सारी जानकारी चोरी हो जाती है।

लगातार इस तरह की खबरें आने के बाद लोग काफी हद तक सतर्क हो गये हैं।

ऐसे में ठगों ने अब ठगी का नया तरीका ढूंढ निकाला है।

एक ऐसा तरीका जिससे न सिर्फ वो आपके मोबाइल को हैक कर सकते हैं बल्कि आपका मोबाइल भी खराब हो सकता है।

शादी का निमंत्रण बना ठगी का जरिया

अब आपको मोबाइल में शादी का किसी फंक्शन का निमंत्रण देकर भी ठगी की जा सकती है।

साइबर अपराधी निमंत्रण के नाम पर एक एप्प भेजते हैं।

उसपर क्लिक करते ही आपका मोबाइल का स्क्रीन ब्लैक हो जायेगा।

इसी के साथ आपके मोबाइल की सारी जानकारी ठगों के पास पहुंच जायेगी।

ठग इस एप्प के जरिये आपके मोबाइल की क्लोनिंग कर लेते हैं।

इसके जरिये वो आपके निजी सोशल मीडिया, कॉन्टैक्ट्स और बैंक की सारी जानकारी चुरा सकते हैं।

तो ऐसे में आपको बेहद सावधान रहने की ज़रूरत है।

इस तरह का मैसेज आने पर भूलकर भी उसे क्लिक न करें।

स्पैम मैसेज भेजकर ठगी का तरीका

  • केवाईसी (KYC) अपडेट: आपका पैन कार्ड/बैंक खाता ब्लॉक हो गया है, तुरंत इस लिंक पर क्लिक कर KYC करें।
  • बिजली बिल फ्रॉड: आपका बिजली बिल बकाया है, रात तक लाइन काट दी जाएगी। इस नंबर पर संपर्क करें।
  • लॉटरी या जॉब: आपको 25 लाख की लॉटरी लगी है या घर बैठे रोजाना 5 हज़ार रूपया कमाएं।
  • पार्सल फ्रॉड: आपका कूरियर कस्टम्स में फंसा है, छुड़ाने के लिए फीस भरें।
  • निमंत्रण फ्रॉडः आपको हमारे फंक्शन में ज़रूर से आना है, निमंत्रण कार्ड डाउनलोड करें।

सावधान रहें सतर्क रहें

  • किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें: अनजान नंबरों या किसी जान-पहचान वाले नंबर से आए किसी भी लिंक या APK फाइल को न खोलें।
  • ओटीपी (OTP) और पिन: अपना यूपीआई पिन, बैंकिंग पासवर्ड या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें।
  • सच्चाई की पुष्टि करें: बैंक या सरकारी अधिकारी कभी भी फोन या मैसेज पर पासवर्ड या निजी जानकारी नहीं मांगते।

 ठगी का शिकार होने पर क्या करें?

  • तुरंत शिकायत करें: अगर आपके साथ फ्रॉड हो गया है, तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें।
  • साइबर पोर्टल: अपनी शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराएं।
  • संदिग्ध नंबरों को रिपोर्ट करें: भारत सरकार के संचार साथी पोर्टल के चक्षु (Chakshu) फीचर का इस्तेमाल करके संदिग्ध नंबर या मैसेज की रिपोर्ट करें।