पाकिस्तान के खिलाफ जीत से उत्साहित भारतीय ब्रिगेड, टी-20 वर्ल्ड कप में नीदरलैंड के खिलाफ जीत दर्ज करने उतरेंगी हरमनप्रीत की सेना

India Vs Netherland: वीमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में उत्साह से लबरेज टीम इंडिया का मुकाबला नीदरलैंड के साथ होना है।

कुछ घंटों बाद शुरू होने वाले इस मुकाबले को लेकर हरमनप्रीत की सेना तैयार है।

पाकिस्तान को करारी शिकस्त देने के बाद भारतीय टीम का मनोबल काफी उंचा है।

लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर होने वाले इस मुकाबले को जीतकर भारतीय टीम अपना विजयी अभियान जारी रखना चाहेगी।

मनोवैज्ञानिक तौर पर भारतीय टीम का मनोबल उंचा होने की दो वजह है।

पहली वजह पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत और दूसरी वजह नीदरलैंड की उसके पहले मैच में बांग्लादेश से हार।

भारतीय टीम की उम्मीदें

आज टीम इंडिया को स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत से काफी उम्मीदें होंगी।

साथ ही शेफाली वर्मा, ऋचा घोष और जेमिमा रोड्रिग्स भी अपने बल्लेबाजी से टीम को मजबूती प्रदान करेंगी।

गेंदबाजों में दीप्ति शर्मा और श्रीचरणी का शानदार फॉर्म जारी है।

दीप्ति ने पिछले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट, जबकि श्रीचरणी ने 3 विकेट झटके थे।

तेज गेंदबाजी में पिछले मैच में प्रभाव नहीं छोड़ पायीं अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ से भी आज बेहतर खेल की उम्मीद रहेगी।

नीदरलैंड की प्रमुख खिलाड़ी

नीदरलैंड की बल्लेबाजी उनके स्टार खिलाड़ी स्टेर कालिस के इर्द-गिर्द घूमती है।

टी-20 में शतक जमा चुकीं कालिस टीम की प्रमुख बल्लेबाज हैं।

गेंदबाजी में आइरिस ज्वीलिंग और कैरोलिन डी लागे पर बहुत कुछ निर्भर है।

भारत और नीदरलैंड की टीम टी-20 के अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में पहली बार भिड़ेंगी।

यह मैच भारत को हर हाल में जीतना होगा क्योंकि आने वाले ग्रुप मैचों में उसे ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ खेलना है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग

भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर, भारती फुलमाली, ऋचा घोष, दीप्ति श्रमा, अरुंधति रेड्डी, श्रेयांका पाटिल, श्रीचरणी और क्रांति गौड़।

नीदरलैंडः स्टेर कालिस, सान्या खुराना, फेबे मोल्केनबोएर, बैबेट डी. लीडे, रोबिन रिक्स, आइरिस ज्वीलिंग, हीथर सीजर्स, फ्रेडरिक ओवरडिज्क, कैरोलिन डी लागे, सिल्वर सीजर्स, और इसाबेल वोनिंग।