हॉकी झारखंड को मिला नया नेतृत्व, सभी पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए

Hockey Jharkhand: हॉकी झारखंड की 13वीं वार्षिक आमसभा मोराबादी स्थित जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हुई। बैठक में राज्य के सभी 24 जिलों के प्रतिनिधियों और एथलीट समिति के सदस्यों ने हिस्सा लिया।

बैठक में वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट, आय-व्यय, आगामी राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी सहित आठ एजेंडों पर चर्चा की गई। सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

इसके बाद वर्ष 2026-2030 के लिए हॉकी झारखंड की नई कार्यकारिणी का चुनाव हुआ। चुनाव अधिकारी अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि सभी 11 पदों पर केवल एक-एक नामांकन मिला था। इसलिए सभी उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। भोलानाथ सिंह लगातार चौथी बार अध्यक्ष बने। मनोज कुमार प्रसाद महासचिव और असरिता लकड़ा कोषाध्यक्ष चुनी गईं।

नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष के रूप में अरविंद सिंह, अशोक भगत और चंद्रयाणी मजूमदार, संयुक्त सचिव के रूप में सुरजीत कुमार झा और दुलारी टोपनो, वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जयदीप महाराणा, संजय कुमार गुप्ता और पल्लवी कच्छप चुने गए। विजय शंकर सिंह को हॉकी झारखंड का डायरेक्टर जनरल बनाया गया।